अखिलेश यादव के लिए प्रचार करने पहुंचे राहुल गांधी, कहा- UP में बीजेपी की बड़ी हार होगी

मैं आपको लिखकर देता हूं कि उत्तर प्रदेश में इंडी गठबंधन का तूफान आने वाला है। भाजपा की सबसे बड़ी हार उत्तर प्रदेश में होने वाली है: राहुल गांधी

Updated: May 10, 2024, 05:40 PM IST

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के पक्ष में प्रचार करने कन्नौज पहुंचे। यहां दोनों नेताओं ने संयुक्त रैली की। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी डर गए हैं। वे इसी डर के मारे अपने मित्रों से कह रहे हैं- अडाणी-अंबानी मुझे बचाओ। इंडिया गठबंधन ने घेर लिया है। मैं हारने वाला हूं। राहुल ने दावा किया कि 2024 में मोदी पीएम नहीं बनेंगे।

और पढ़ें: अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, शराब घोटाला केस में 1 जून तक मिली अंतरिम जमानत

राहुल गांधी ने कहा कि इंडिया गठबंधन और अखिलेश यादव की जीत होगी। मैं आपको लिखकर देता हूं कि उत्तर प्रदेश में इंडिया गठबंधन का तूफान आने वाला है। भाजपा की सबसे बड़ी हार उत्तर प्रदेश में होने वाली है। क्योंकि देश को राह उत्तर प्रदेश दिखाता है, जनता ने अब परिवर्तन का मन बना लिया है। 10 साल नरेंद्र मोदी ने अडाणी-अंबानी का नाम नहीं लिया। लेकिन अब उन्होंने अपने दो मित्रों का नाम ले लिया। उन्हें ये भी मालूम है कि अडाणी कौन से टेम्पो में और कैसे पैसा भेजते हैं, लगता है टेम्पो वाला अनुभव प्रधानमंत्री का निजी अनुभव है।

राहुल गांधी ने आगे कहा, 'मोदी ने करोड़ों युवाओं को बेरोजगार कर दिया। वैक्सीन बनाने वाली कंपनी से करोड़ों रुपए लिए। आपको ऑक्सीजन नहीं मिल रही थी। आप मर रहे थे और मोदी कह रहे थे कि थाली बजाओ और ताली बजाओ। हम 250 रुपए बढ़ाकर मनरेगा मजदूरी 400 रुपए करेंगे। आंगनबाड़ी सेविकाओं की आमदनी दो गुना की जाएगी। चुनाव में कुछ दिन ही बचे हैं। पिछले 2 साल से इंडिया गठबंधन साथ मिलकर काम कर रहा है। नफरत को खत्म करने के लिए हमने मोहब्बत फैलाई है। इसी की बदौलत हम ये कहे रहे हैं कि 2024 में नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे।

कन्नौज के बाद राहुल और अखिलेश की संयुक्त रैली कानपुर में होगी। कन्नौज से अखिलेश खुद चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला भाजपा सांसद सुब्रत पाठक से है। कानपुर में कांग्रेस प्रत्याशी आलोक मिश्रा मैदान में हैं। जबकि भाजपा ने रमेश अवस्थी को टिकट दिया है।