हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की जीत पर राहुल गांधी की पहली प्रतिक्रिया, बोले- हर वादा निभाएंगे

गुजरात और हिमाचल चुनाव नतीजों पर राहुल गांधी ने दी प्रतिक्रिया, कहा- गुजरात में और मेहनत करेंगे, हिमाचल में जनता किया हर वादा पूरा करेंगे।

Updated: Dec 08, 2022, 01:36 PM IST

नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश और गुजरात में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे साफ हो गए हैं। गुजरात में एक बार फिर से बीजेपी सरकार बनाने जा रही है। वहीं हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने जबरदस्त वापसी की है। दोनों राज्यों के नतीजों पर कांग्रेस राहुल ने अलग अलग प्रतिक्रिया दिया है।

हिमाचल में पार्टी की प्रचंड जीत के बाद राहुल गांधी ने कहा कि हम हर वादा निभाएंगे। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, 'हिमाचल प्रदेश की जनता को इस निर्णायक जीत के लिए दिल से धन्यवाद। सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं को हार्दिक बधाई। आपका परिश्रम और समर्पण इस विजय की शुभकामनाओं का असली हकदार है। फिर से आश्वस्त करता हूं, जनता को किया हर वादा जल्द से जल्द निभाएंगे।'

वहीं गुजरात में कांग्रेस की खराब प्रदर्शन को लेकर राहुल गांधी ने कहा कि हम और मेहनत करेंगे। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, 'हम गुजरात के लोगों का जनादेश विनम्रतापूर्वक स्वीकार करते हैं। हम पुनर्गठन कर, कड़ी मेहनत करेंगे और देश के आदर्शों और प्रदेशवासियों के हक़ की लड़ाई जारी रखेंगे।'

बता दें कि हिमाचल प्रदेश में रिवाज कायम रहा है और पांच साल बाद कांग्रेस ने सत्ता में वापसी की है। पार्टी ने कुल 68 सीटों में से 38 सीटों पर जीत दर्ज की है और दो पर बढ़त बनाए हुए है। राज्य में बहुमत के लिए 35 सीटों की जरूरत होती है। बीजेपी ने इस चुनाव में 18 सीटें जीती है और 7 पर आगे है। बीजेपी की हार के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पद से इस्तीफा भी दे दिया है।

राज्य में इस जीत के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अहम टिप्पणी आई है। उन्होंने जनता का आभार जताने के बाद कहा कि ऐसी बात नहीं है कि मेरे अध्यक्ष बनने के बाद चुनाव में जीत हुई। मैं मानता हूं कि हिमाचल में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के नेतृत्व में चुनाव प्रचार अभियान सफल रहा है। साथ ही राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाले जा रहे भारत जोड़ो यात्रा का भी सकारात्मक असर पड़ा।