नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर रेल कर्मियों ने महिला के साथ किया गैंगरेप, चार आरोपी गिरफ्तार

पीड़िता कि रेलवे स्टेशन पर 2 लोगों ने उसके साथ रेप किया, जबकि 2 कर्मचारी बाहर पहरा दे रहे थे, रेलवे पुलिस को इस संबंध में पीसीआर कॉल मिली थी, जिसके बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है

Updated: Jul 23, 2022, 09:50 AM IST

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी के बेहद भीड़भाड़ वाले नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर एक शर्मनाक घटना को अंजाम दिया गया। यहां रेलवे कर्मियों ने एक अकेली महिला के साथ गैंगरेप किया। यह घटना 21 तारीख की रात की बताई जा रही है। गैंगरेप के इस मामले में दिल्ली पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है।

रेलवे डीसीपी हरेंद्र सिंह के मुताबिक 21-22 जुलाई की रात 3:27 बजे घटना की जानाकरी मिली। एक महिला ने पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन थाने में कॉल कर बताया कि उसके साथ 2 लोगों ने रेप किया है। महिला ने बताया कि वो नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नम्बर 8-9 पर खड़ी है। इसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

रिपोर्ट्स के मुताबिक पीड़ित महिला फरीदाबाद की रहने वाली है, जिसकी उम्र करीब 30 साल है। उसने पुलिस को बयान दिया है कि पिछले 1 साल से वह अपने पति से अलग रह रही है और कोर्ट में उसके तलाक का केस चल रहा है। इस बीच रेलवे के एक कर्मचारी ने उसे नौकरी का झांसा दिया, जिसके बाद वह रेलवे कर्मचारी से फोन पर बात करने लगी।

महिला की ओर से दर्ज एफआईआर के मुताबिक, 21 तारीख की रात को आरोपी ने उसे फोन करके बुलाया। आरोपी ने बताया कि उसके बेटे का जन्मदिन है और उसने घर में छोटी सी पार्टी है। पीड़ित महिला रात करीब 10:30 बजे कीर्ति नगर पहुंची, जहां से आरोपी उसे अपने साथ ले गया। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नम्बर 8-9 में बनी एक हट में ले गया। यह हट रेलवे के इलेक्ट्रिकल के मेंटिनेंस स्टाफ के लिए बनी है। आरोप है कि इसी हट में रात 12:30 बजे के बाद 2 आरोपियों ने बारी-बारी से उसके साथ रेप किया जबकि 2 आरोपी बाहर खड़े होकर पहरेदारी दे रहे थे।