अगले चार दिनों तक पूरे देश के सभी राज्यों में बारिश के आसार: भारतीय मौसम विभाग

शिमला में भी आने वाले कुछ दिनों तक बर्फबारी का दौर जारी रहेगा। उत्तराखंड के ज्यादातर इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है।

Updated: May 01, 2023, 02:37 PM IST

नई दिल्ली। देश के तमाम हिस्सों में आने वाले चार दिनों में गरज चमक के साथ बारिश के छींटे देखने को मिल सकते हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इसकी जानकारी दी है। अगले चार दिनों तक मध्य भारत में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ छिटपुट से लेकर भारी बारिश होने की उम्मीद जताई जा रही है। IMD ने बताया है कि मध्यप्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ सहित अलग-अलग स्थान पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।

आईएमडी के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ नरेश कुमार के अनुसार नॉर्थ वेस्ट इंडिया में अगले चार दिन तक बारिश होती रहेगी। वेस्टर्न हिमालयन रीजन में भारी बारिश की चेतावनी है। मतलब यहां 6.5 सेमी से अधिक वर्षा होगी। नरेश कुमार ने कहा कि कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र को छोड़कर पूरे देश में अगले चार दिनों तक बारिश के आसार हैं।

यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में भाजपा को बड़ा झटका, चुनावी साल में दिग्गज आदिवासी नेता नंदकुमार साय ने छोड़ी पार्टी

नरेश कुमार के अनुसार वेस्ट से भी हवा आ रही है और बंगाल की खाड़ी से भी, इसके चलते पंजाब, हरियाणा और वेस्टर्न हिमालयन रीजन में मूसलधार बारिश की भी आशंका है। ईस्ट इंडिया में भी बादल है और 3-4 दिन यहां भी बारिश के आसार हैं। नॉर्थ ईस्ट में भी ऐसे ही आसार और 3 दिन भारी बारिश होनी है। विदर्भ से कर्नाटक तक में भी बारिश होगी।

बारिश की वजह से तापमान में गिरावट आएगी और मौसम ठंडा हो जाएगा। नॉर्थ वेस्ट इंडिया में 9 से 10 डिग्री तापमान सामान्य से नीचे आएगा। 2-3 दिन बाद तापमान में अचानक बढ़ोतरी भी देखने को मिलेगी और ये 3 से 5 डिग्री तापमान बढ़ जाएगा। बता दें कि मध्य भारत में पिछले तीन दिनों से भारी बारिश हो रही है। रविवार को मध्य प्रदेश के कई जिलों में भीषण ओलावृष्टि भी हुई। अनुमान के मुताबिक अप्रैल महीने में पिछले सौ वर्षों में मध्य प्रदेश में इतनी बारिश नहीं हुई है।