Corona: केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले कोरोना पॉजिटिव, कल एक्ट्रेस पायल घोष को दिलाई थी पार्टी की सदस्यता

मोदी सरकार में राज्यमंत्री रामदास अठावले को कोरोना संक्रमित होने के बाद मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है

Updated: Oct 27, 2020, 07:40 PM IST

Photo Courtesy : News 18.com
Photo Courtesy : News 18.com

मुंबई। मोदी सरकार के मंत्री और रिपब्लिक पार्टी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष रामदास अठावले कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। उन्हें मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती किया गया है। सोमवार को अठावले ने एक्ट्रेस पायल घोष को अपनी पार्टी की सदस्यता भी दिलाई थी। मीडिया में आई जानकारी के मुताबिक सोमवार को पायल घोष को पार्टी की सदस्यता दिलाने के बाद से ही अठावले को कफ और बदन दर्द की शिकायत होने लगी। कोरोना टेस्ट कराने के बाद उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जिसके बाद वे फौरन अस्पताल में भर्ती हो गए हैं। पायल घोष के स्वास्थ्य के बारे में खबर लिखे जाने तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।

बता दें कि पायल घोष ने बॉलीवुड के मशहूर डायरेक्टर अनुराग कश्यप पर यौन शोषण के आरोप लगाए हैं। रामदास अठावले ने पायल घोष को अपनी पार्टी आरपीआई की महिला विंग का उपाध्यक्ष बनाया है। अठावले पायल घोष के साथ महाराष्ट्र के राजयपाल भगत सिंह कोश्यारी से भी मिल चुके हैं। अठावले ने पायल घोष को पार्टी की सदस्यता दिलाते समय कहा कि उनकी पार्टी बाबा साहेब अम्बेकडर के विचारों का अनुसरण करती है और हर किसी को न्याय दिलाना ही उनकी पार्टी का उद्देश्य है।