RSS ने आखिरकार बदली डीपी, भगवा ध्वज को हटाकर लगाया तिरंगा, संघ प्रमुख ने भी राष्ट्रध्वज को अपनाया
आरएसएस और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत के ट्विटर की डीपी बदल गई है, दोनों अकाउंट्स पर अब भगवा ध्वज के जगह तिरंगे की तस्वीर लगी है

नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले शुक्रवार को अपने सभी सोशल मीडिया अकाउंट्स की प्रोफाइल पिक्चर बदल दी। आरएसएस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल समेत संघ प्रमुख मोहन भागवत की डीपी से भगवा ध्वज को हटाकर तिरंगा लगा दिया गया। विपक्ष के आक्रामक होने के बाद संघ पहली बार बैकफुट पर आई।
इस बात की चर्चा इसलिए हो रही है कि RSS ने ऐसा पहली बार किया। केंद्र सरकार के हर घर तिरंगा अभियान के बाद विपक्ष लगातार संघ पर हमलावर था। RSS प्रमुख मोहन भागवत के अलावा संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने भी अपनी DP में राष्ट्रीय ध्वज यानी तिरंगा लगा लिया है। RSS प्रचार विभाग के सह प्रभारी नरेंद्र ठाकुर ने कहा, 'संघ अपने सभी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस मना रहा है।'
यह भी पढ़ें: सर्जरी के बाद वेंटिलेटर पर सलमान रुश्दी, एक आंख खोने का डर, चाकू लगने से लीवर क्षतिग्रस्त
बता दें भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने की खुशी में सरकार आजादी का अमृत महोत्सव मना रही है। इसके लिए पीएम मोदी ने देशवासियों से आह्वान किया था कि वे अपने सोशल मीडिया डीपी पर तिरंगे की तस्वीर लगाएं। उसके बाद बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी प्रोफाइल फोटो में तिरंगा लगाया है। लेकिन आरएसएस से जुड़े किसी पदाधिकारी ने तिरंगे को डीपी में नहीं लगाया। इसके बाद विपक्ष लगातार हमलावर थी।
सवाल किया जा रहा था कि RSS और उसके नेता कब DP में तिरंगा लगाएंगे। कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने कहा था कि क्या संगठन जिसने 52 वर्षों तक नागपुर में अपने मुख्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया, वह 'तिरंगा' को प्रोफाइल बनाने के लिए प्रधानमंत्री के संदेश का पालन करेगा। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा था कि संघ वालों, अब तो तिरंगा को अपना लो।
स्वाधीनता का अमृत महोत्सव मनाएँ.
— RSS (@RSSorg) August 13, 2022
हर घर तिरंगा फहराएँ.
राष्ट्रीय स्वाभिमान जगाएँ. pic.twitter.com/li2by2b0dK
हालांकि, लगातार हमलों के बाद आरएसएस को बैकफुट पर आना पड़ा और संगठन समेत सभी नेताओं ने भगवा ध्वज को तिरंगे से रिप्लेस किया। इतना ही नहीं आरएसएस ने एक वीडियो भी जारी किया है जिसमें संघ प्रमुख मोहन भागवत तिरंगा फहरा रहे हैं।