संसद परिसर में धक्का-मुक्की: FIR दर्ज कराने थाने पहुंचे कांग्रेस सांसद, कहा- खड़गे के घुटनों में चोट आई
आज भाजपा सांसदों ने मकर द्वार को घेर लिया और डंडा लेकर उन्होंने प्रदर्शन किया... हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दोनों घुटनों का ऑपरेशन हुआ है। धक्का लगने से वे गिरे और उनके घुटनों में चोट आई है: दिग्विजय सिंह
नई दिल्ली। संसद परिसर में हुआ धक्का-मुक्की का मामला बढ़ता ही जा रहा है। इस मामले में भाजपा ने राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, कांग्रेस सांसदों का प्रतिनिधिमंडल भी मामले की शिकायत करने थाने पहुंचा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में कई सांसद पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने पहुंचे और घटना की लिखित शिकायत की।
संसद मार्ग थाने के बाहर राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने कहा कि झूठे आरोप लगाना भाजपा का चरित्र है। जिस प्रकार से अमित शाह के खिलाफ जन आंदोलन बना, उन्होंने बाबा साहब अंबेडकर जैसे व्यक्ति का मजाक उड़ाया वो घोर आपत्तिजनक था। झूठे आरोप लगाना भाजपा के चरित्र में है। कांग्रेस पार्टी का शुरू से मकर द्वार के सामने प्रदर्शन चल रहा था... आज उन लोगों ने मकर द्वार को घेर लिया और डंडा लेकर उन्होंने प्रदर्शन किया... हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दोनों घुटनों का ऑपरेशन हुआ है। धक्का लगने से वे गिरे और उनके घुटनों में चोट आई है।'
अडानी के मामले को लेकर कांग्रेस पार्टी कई दिनों से प्रदर्शन कर रही थी। हमारे सांसद रोज शांतिपूर्वक तरीके से विरोध प्रदर्शन करते थे।
— Congress (@INCIndia) December 19, 2024
लेकिन अमित शाह ने जो बाबासाहेब अंबेडकर जी का मजाक उड़ाया, वो घोर आपत्तिजनक था।
झूठे आरोप लगाना BJP के चरित्र में है। हम ने आज जब प्रदर्शन किया तो… pic.twitter.com/0aWe7WFz3s
बता दें कि संसद परिसर में धक्का-मुक्की की घटना को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष की ओर से दावे और बयानबाजी जारी है। इस घटना में ओडिशा के बालासोर से भाजपा सांसद प्रताप सारंगी और फर्रुखाबाद के भाजपा सांसद मुकेश राजपूत चोटिल हुए हैं। सारंगी ने लोकसभा में विपक्ष के नेता आरोप लगाया है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक सांसद को धक्का दिया, जो उनके ऊपर गिर गए।
इस घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है। भाजपा के सांसद अनुराग ठाकुर और बांसुरी स्वराज संसद मार्ग थाने पहुंचकर राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद अनुराग ठाकुर ने कहा कि धक्का-मुक्की में दो सांसदों को चोट आई है। हमने राहुल गांधी के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा 109 में शिकायत दी। वहीं, कांग्रेस की ओर से दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में महिला सांसदों ने भी शिकायत की।
कांग्रेस का आरोप है कि अंबेडकर अपमान से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा सांसदों ने धक्का-मुक्की की। इस घटनाक्रम पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने कहा, 'राहुल गांधी बीआर अंबेडकर की फोटो लेकर शांति पूर्वक जय भीम के नारे को बोलते हुए संसद में जा रहे थे। संसद में जाने से किसने रोका? हम इतने दिनों से साइड में प्रदर्शन कर रहे हैं। जो भी आ रहा है जा रहा है उसको पूरा रास्ता है। इन्होंने पहली बार प्रदर्शन किया और सबको रोक दिया धक्का-मुक्की और गुंडागर्दी की। अमित शाह को बचाने के लिए ये साजिश हुई है। इनसे हमने पूछा अगर आप अंबेडकर जी को चाहते हैं तो जय भीम बोलें। इनके मुंह से जय भीम का नारा क्यों नहीं निकल सकता? मैं बीजेपी सांसदों को चुनौती देती हूं यहां खड़े होकर जय भीम बोलें।'