मुंबई में INDIA गठबंधन की बैठक का दूसरा दिन, सीट शेयरिंग पर हो सकता है फैसला

INDIA गठबंधन के मुंबई महासम्मेलन में पहले दिन अनौपचारिक चर्चा के बाद नेताओं ने उम्मीद जताई है कि तमाम अहम मुद्दों पर आपसी सहमति जल्द ही बनेगी। इस सम्मेलन की मुख्य बैठक आज होनी है, जिसके बाद शाम को फैसलों की जानकारी दी जाएगी।

Updated: Sep 01, 2023, 09:23 AM IST

मुंबई। INDIA गठबंधन की मुंबई में गुरुवार से शुरु हुई दो दिवसीय बैठक का पहला दिन जरूरी मुद्दों पर मंथन और संसद का विशेष सत्र बुलाने के बाद की स्थिति पर चर्चा के बीच खत्म हुआ। मुंबई में शुरु हुई बैठक में पहले दिन 28 दलों के 63 नेताओं ने हिस्सा लिया। आज बैठक का दूसरा दिन है और यह बेहद अहम माना जा रहा है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक विपक्षी गठबंधन आज दोपहर तक लोगो और कन्वीनर (संयोजक) का नाम जारी कर सकता है। बताया जा रहा है कि लोगो को तिरंगे के रंग में रंगने की तैयारी है। I.N.D.I.A का IN केसरिया रंग से, D पर सफेद रंग और IA पर हरा रंग हो सकता है। लोगो आज सहमति के बाद रिलीज किया जाएगा।

समय से पहले लोकसभा चुनाव होने की अटकलों के बीच गठबंधन सीट शेयरिंग पर जल्द से जल्द एक फॉर्मूले पर पहुंचना चाहता है। इसके के लिए क्षेत्रीय स्तर पर कमेटियां बनाने की भी बात हो रही है। संभावना है कि आज की बैठक में सीट शेयरिंग फॉर्मूले पर विस्तृत चर्चा हो। 

पहले दिन की बैठक में ही विपक्षी दलों के नेताओं ने तय किया था कि सीट शेयरिंग को जल्द से जल्द सुलझाया जाए। उन्होंने आशंका जताई कि बीजेपी लोकसभा चुनाव जल्दी कराने की घोषणा कर सकती है। बैठक के पहले दिन 31 अगस्त को 28 दलों के 63 नेताओं ने शिरकत की थी। सभी नेताओं ने कहा था कि वे देश और संविधान को बचाने के लिए साथ आए हैं। भाजपा से हराने के लिए एक साझा प्रोग्राम तैयार किया जाएगा।