गांधी-नेहरू जैसे नेताओं की छवि खराब करने के लिए तथ्यों से छेड़छाड़ कर रही आत्ममुग्ध सरकार: सोनिया गांधी

कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार गांधी-नेहरू-आजाद-पटेल जैसे नेताओं की छवि खराब करने की कोशिश कर रही है।

Updated: Aug 15, 2022, 07:49 AM IST

नई दिल्ली। देश आज आजादी की 75वीं सालगिरह मना रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने देशवासियों की आजादी के पर्व की शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आत्ममुग्ध सरकार गांधी-नेहरू जैसे महान नेताओं की छवि खराब करने के लिए तथ्यों से छेड़छाड़ कर रही है।

देशवासियों के नाम संबोधन में सोनिया गांधी ने लिखा कि, 'स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ पर आप सभी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। पिछले 75 साल में भारत ने अपने प्रतिभाशाली भारतवासियों की कड़ी मेहनत के बल पर विज्ञान, शिक्षा, स्वास्थ्य और सूचना प्रौद्योगिकी सहित सभी क्षेत्रों में अंतर्राष्ट्रीय पटल पर एक अमिट छाप छोड़ी है।'

यह भी पढ़ें: 75वाँ स्वतंत्रता दिवस: जागते हुए चेहरों पर भी हो खुशी, संगीत और दोस्ती

उन्होंने आगे लिखा कि, 'भारत ने अपने दूरदर्शी नेताओं के नेतृत्व में एक ओर जहाँ स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव व्यवस्था स्थापित की, वहीं प्रजातंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को मजबूत बनाया। इसके साथ-साथ भारत ने भाषा-धर्म-संप्रदाय की बहुलतावादी कसौटी पर सदैव खरा उतरने वाले एक अग्रणी देश के रूप में अपनी गौरवपूर्ण पहचान बनाई है।'

सोनिया गांधी ने आगे लिखा कि, 'साथियों, हमने बीते 75 वर्षों में अनेक उपलब्धियाँ हासिल की, लेकिन आज की आत्ममुग्ध सरकार हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के महान बलिदानों और देश की गौरवशाली उपलब्धियों को तुच्छ साबित करने पर तुली हुई है, जिसे कदापि स्वीकार नहीं किया जा सकता है। राजनैतिक लाभ के लिए ऐतिहासिक तथ्यों पर कोई भी गलतबयानी तथा गाँधी-नेहरू-पटेल-आज़ाद जी जैसे महान राष्ट्रीय नेताओं को असत्यता के आधार पर कटघरे में खड़े करने के हर प्रयास का भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पुरजोर विरोध करेगी।'