कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव में शशि थरूर और अशोक गहलोत के बीच हो सकता है मुकाबला: रिपोर्ट्स

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और केरल से पार्टी के सांसद शशि थरूर के बीच हो सकता है मुकाबला, थरूर अध्यक्ष पद चुनाव लड़ने को तैयार, उधर गहलोत भी ठोक सकते हैं ताल

Updated: Sep 20, 2022, 03:42 AM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस में अध्यक्ष पद चुनाव को लेकर सुगबुगाहट तेज हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक वरिष्ठ नेता शशि थरूर पार्टी अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ सकते हैं। दावा किया जा रहा है कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी की ओर से भी उन्हें चुनाव मैदान में उतरने के लिए हरी झंडी मिल गई है। इसके अलावा अध्यक्ष पद की रेस में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का भी नाम सामने आ रहा है। यानी कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए गहलोत और थरूर के बीच मुकाबला देखने को मिल सकता है।

मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि गहलोत 26 से 28 सितंबर के बीच कभी भी नामांकन दाखिल कर सकते हैं। हालांकि, राजस्थान कांग्रेस के नेताओं का कहना है कि गहलोत ने अभी तक तय नहीं किया है कि वह चुनाव लड़ेंगे या नहीं। वो अभी खुद अध्यक्ष बनने के बारे में सोचने के बजाय इस कोशिश में हैं कि राहुल गांधी ही कमान संभाल लें। क्योंकि कांग्रेस के लिए वही बेहतर ऑप्शन हैं।

राहुल गांधी को कांग्रेस का अध्यक्ष बनाने की मांग जोर भी पकड़ने लगी है। राजस्थान, छत्तीसगढ़, गुजरात के बाद अब जम्मू-कश्मीर कांग्रेस कमेटी ने भी राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव पारित किया है। हालांकि सूत्रों का कहना है कि राहुल गांधी अध्यक्ष का चुनाव नहीं लड़ेंगे। राहुल अपने फैसले पर कायम हैं। 

उधर थरूर ने भी सोमवार को सोनिया गांधी से मिलकर मैदान में उतरने की तैयारी कर ली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक थरूर ने सोमवार को पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की और चुनाव लड़ने की इजाजत मांगी। हालांकि सोनिया ने उन्हें साफ शब्दों में कहा कि चुनाव लड़ने का फैसला आपका है। यानी ये आपका कॉल है, पार्टी की चुनावी प्रक्रिया तय नियमों के हिसाब से ही होंगी। इसमें सभी को बराबर का अधिकार है।