नोटबंदी को सही फैसला करार देने वाले जज बने आंध्र प्रदेश के राज्यपाल, राष्ट्रपति ने 13 राज्यों में किया फेरबदल

महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी का इस्तीफा मंजूर कर लिया गया है, उनकी जगह पर झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस को महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाया गया है

Updated: Feb 12, 2023, 05:07 AM IST

Photo Courtesy: Indian Express
Photo Courtesy: Indian Express

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 13 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में बड़ा फेरबदल किया है। सुप्रीम कोर्ट ने रिटायर जज अब्दुल नजीर को आंध्र प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। पूर्व जस्टिस ने रिटायर होने से पहले मोदी सरकार के नोटबंदी के फैसले को सही करार दिया था। वहीं वे अयोध्या का फैसला सुनाने वाली सुप्रीम कोर्ट की बेंच के भी सदस्य थे। 

अब्दुल नजीर के अलावा राष्ट्रपति मुर्मू ने बड़ा फेरबदल महाराष्ट्र में किया है। उन्होंने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी का इस्तीफा मंजूर कर लिया है। झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस को महाराष्ट्र का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। बैस की जगह पर सीपी राधाकृष्णन को झारखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसूईया उइके को मणिपुर जबकि बिहार के राज्यपाल फागू चौहान को मेघालय का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। बिस्वा भूषण हरिचंद्रन को छत्तीसगढ़ जबकि राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को बिहार का राज्यपाल बनाया गया है। वहीं राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया को असम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल रिटायर्ड ब्रिगेडियर बीडी मिश्रा को लद्दाख के उपराज्यपाल के पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी जगह पर कैवल्य त्रिविक्रम परनाइक को अरुणाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। शिवप्रताप शुक्ला हिमाचल प्रदेश, एन गणेशन नागालैंड और लक्ष्मण प्रसाद आचार्य सिक्किम के राज्यपाल बनाए गए हैं।