BJP की नकारात्मक राजनीति का अंतकाल शुरू, कर्नाटक में कांग्रेस की प्रचंड जीत पर बोले अखिलेश

कर्नाटक में कांग्रेस 113 के जादुई आंकड़े को पार करते हुए राज्य में अपने दम पर सरकार बनाने जा रही है। अब तक के परिणाम में कांग्रेस 129 सीट पर जीत चुकी है और 9 सीटों पर आगे चल रही है।

Updated: May 13, 2023, 04:44 PM IST

बेंगलुरु। कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजों में कांग्रेस ने प्रचंड जीत दर्ज की है। कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधा है। अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी की नकारात्मक, सांप्रदायिक, भ्रष्टाचारी, सामाजिक-बंटवारे, झूठे प्रचारवाली, व्यक्तिवादी राजनीति का 'अंतकाल' शुरू हो गया है।

उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने ट्वीट किया, 'कर्नाटक का संदेश ये है कि भाजपा की नकारात्मक, सांप्रदायिक, भ्रष्टाचारी, अमीरोन्मुखी, महिला-युवा विरोधी, सामाजिक-बँटवारे, झूठे प्रचारवाली, व्यक्तिवादी राजनीति का ‘अंतकाल’ शुरू हो गया है। ये नये सकारात्मक भारत का महंगाई, बेरोज़गारी, भ्रष्टाचार व वैमनस्य के ख़िलाफ़ सख़्त जनादेश है।'

बता दें कि कर्नाटक में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस शनिवार को जारी मतगणना के परिणाम के अनुसार 113 के जादुई आंकड़े को पार कर चुकी है। कांग्रेस राज्य में अपने दम पर सरकार बनाती नजर आ रही है। अब तक के परिणाम में कांग्रेस 129 सीट पर जीत चुकी है और 9 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं बीजेपी ने 61 सीटों पर जीत हासिल की है और 3 सीट पर आगे चल रही है।