भारत जोड़ो यात्रा को जो जनसमर्थन मिल रहा है, वह बीजेपी के लिए चिंता का विषय है: जयराम रमेश
जयराम रमेश ने कहा कि ये भारत जोड़ो यात्रा मन की बात नहीं होगी, ये जनता की चिंता होगी। मैंने ये कभी नहीं सोचा था कि ये 'जनता की चिंता' के साथ 'बीजेपी के लिए चिंता' हो जाएगी।

नई दिल्ली। भारत जोड़ो यात्रा को दक्षिण भारत में अभूतपूर्व जनसमर्थन प्राप्त हो रहा है। इस यात्रा से एक ओर जहां कांग्रेस नेता गदगद हैं वहीं बीजेपी की चिंताएं बढ़ी हुई है। सत्ताधारी दल द्वारा लगातार यात्रा को लेकर नकारात्म संदेश देने की कोशिशें हो रही है। कांग्रेस पार्टी ने भी अब भाजपा के वार पर पलटवार शुरू कर दी है।
सोमवार को एक प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए जयराम रमेश ने कहा कि, 'अगर वे कंटेनर, जूते और टीशर्ट को मुद्दा बनाते हैं तो मैं कहना चाहता हूं कि यह भाजपा के डर को दर्शाता है। डर के मारे वे कुछ भी कह रहे हैं। भाजपा सोशल मीडिया पर झूठ की फैक्टरी चला रही है।'
LIVE: Congress Party Briefing by Shri @Jairam_Ramesh at AICC HQ. #BharatJodoYatra https://t.co/LnoWcDQTbT
— Congress (@INCIndia) September 12, 2022
जयराम रामेश ने आगे कहा कि, 'जिस तरह भाजपा नेताओं के झूठे और बेबुनियाद बयान आ रहे हैं, इनसे बिलकुल साफ हो गया है कि भाजपा परेशानी में है। इससे पता चल रहा है कि भारत जोड़ो यात्रा को जनता का रिस्पांस मिल रहा है।'
कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि, 'ये भारत जोड़ो यात्रा मन की बात नहीं होगी, ये जनता की चिंता होगी।
मैंने ये कभी नहीं सोचा था कि ये 'जनता की चिंता' के साथ 'बीजेपी के लिए चिंता' हो जाएगी। सुबह के चरण में करीब 5000 लोग रहते हैं, दोपहर व शाम के चरण में 25000 से 30000 तक लोग आते हैं।'
यह भी पढ़ें: MP के सिर्फ 2 विधायकों ने दिया संपत्ति का ब्यौरा, विधानसभा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री भी भूले अपना संकल्प
उन्होंने कहा कि, 'यात्रा की शुरूआत अच्छी हुई है, जनता का रिस्पांस भी बढ़िया मिल रहा है, अलग-अलग राज्यों से भी जानकारी मिली है कि कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ा है। भारत जोड़ो यात्रा जिन राज्यों से नहीं गुजर रही है, हम वहां भी कोशिश कर रहे हैं कि वहां भी भारत जोड़ो यात्रा से संबंधित यात्राएं आयोजित हों।'