संविधान को खत्म करना है BJP का अंतिम लक्ष्य, राहुल गांधी ने दिया भाजपा हटाओ, संविधान बचाओ का नारा

हम आज़ादी के नायकों के सपनों के साथ ये षड्यंत्र सफल नहीं होने देंगे और अंतिम सांस तक संविधान से मिले लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई लड़ते रहेंगे: राहुल गांधी

Updated: Mar 10, 2024, 03:12 PM IST

नई दिल्ली। कर्नाटक के भाजपा सांसद अनंत कुमार हेगड़े ने एक बयान से नया विवाद खड़ा कर दिया है। भाजपा के 400 सीटों के लक्ष्य को लेकर उन्होंने कहा कि इतनी सीटें संविधान बदलने के लिए और धर्म की रक्षा के लिए चाहिए। इस पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है और कहा कि हम आज़ादी के नायकों के सपनों के साथ ये षड्यंत्र सफल नहीं होने देंगे।

राहुल गांधी ने ट्वीट किया, 'भाजपा सांसद का बयान कि उन्हें 400 सीट संविधान बदलने के लिए चाहिए, नरेंद्र मोदी और उनके ‘संघ परिवार’ के छिपे हुए मंसूबों का सार्वजनिक ऐलान है। नरेंद्र मोदी और भाजपा का अंतिम लक्ष्य बाबा साहेब के संविधान को ख़त्म करना है। उन्हें न्याय, बराबरी, नागरिक अधिकार और लोकतंत्र से नफ़रत है।'

राहुल गांधी ने आगे लिखा, 'समाज को बांटना, मीडिया को गुलाम बनाना, अभिव्यक्ति की आज़ादी पर पहरा और स्वतंत्र संस्थाओं को पंगु बनाकर विपक्ष को मिटाने की साजिश से वो भारत के महान लोकतंत्र को संकीर्ण तानाशाही में बदलना चाहते हैं।'

राहुल गांधी ने भाजपा हटाओ संविधान बचाओ का नारा देते हुए कहा कि हम आज़ादी के नायकों के सपनों के साथ ये षड्यंत्र सफल नहीं होने देंगे और अंतिम सांस तक संविधान से मिले लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई लड़ते रहेंगे। संविधान का हर सिपाही, विशेष रूप से दलित, आदिवासी, पिछड़े और अल्पसंख्यक जागें, अपनी आवाज़ उठाएं - INDIA आपके साथ है।