बिहार में इंडस्ट्री हुआ करती थी, जो बंद हो गई, आज यहां के लोग मजदूरी करने दूसरे राज्यों में जाते हैं: राहुल गांधी

बिहार भगवान बुद्ध, महावीर जी, गुरु गोविन्द सिंह जी, राजेंद्र प्रसाद जी और अनुग्रह नारायण सिन्हा जी की धरती है। लेकिन जिस बिहार ने दुनिया को रास्ता दिखाया है, उसे BJP ने एक बार फिर से कठिनाईयों में धकेल दिया है: मल्लिकार्जुन खड़गे

Updated: Feb 15, 2024, 07:39 PM IST

औरंगाबाद। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में मणिपुर से चली भारत जोड़ो न्याय यात्रा गुरुवार को बिहार के औरंगाबाद पहुँची। यहां राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने विशाल जनसभा को संबोधित किया। औरंगाबाद में राहुल गांधी को सुनने जनसैलाब उमड़ पड़ा था। इस दौरान कांग्रेस नेता केंद्र की मोदी सरकार पर हमलावर दिखे।

राहुल गांधी ने इस दौरान कहा कि, 'कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं का चेहरा मुस्कुराते हुए दिखेगा। वहीं, BJP के नेता और कार्यकर्ता सबको घूरते दिखेंगे। ये लोग पूरे देश में नफरत फैला रहे हैं। BJP की नफरती विचारधारा ने मणिपुर को जला दिया। हमने इसी नफरत के खिलाफ 'भारत जोड़ो यात्रा' की और नारा दिया- 'नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान।'

राहुल गांधी ने आगे कहा, 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा में आपको हजारों लोगों की भीड़ दिखेगी। मगर आप टीवी ऑन करेंगे तो सिर्फ नरेंद्र मोदी जी का चेहरा दिखेगा। हजारों किसान दिल्ली की ओर आगे बढ़ रहे हैं। मोदी सरकार उन्हें रोकने के लिए आंसू गैस और छर्रे से हमला करवा रही है। मैंने एक किसान से बात की, जो आर्मी के पूर्व जवान थे। उनके मुंह पर छर्रे मारे गए थे। मैंने उनसे कहा- आप पहले भी देश के लिए लड़ रहे थे और आज भी देश के लिए लड़ रहे हैं।'

राहुल गांधी ने आगे कहा, 'देश के अरबपतियों का करीब 14 लाख करोड़ रुपए का कर्ज माफ हो जाता है। जबकि गरीबों के लिए मनरेगा का सालाना बजट केवल 70 हजार करोड़ रुपए होता है, लेकिन अरबपति कहते हैं कि ये पैसा बर्बाद हो रहा है। ये आर्थिक अन्याय है। हिंदुस्तान के कुछ अरबपति चीन से माल खरीदकर देश में बेचते हैं। इससे रोजगार चीन के युवाओं को मिलता है, पैसा चीन को मिलता है। बिहार में इंडस्ट्री हुआ करती थी, जो बंद हो गई। आज बिहार के लोग ठेके पर मजदूरी करने अलग-अलग राज्यों में जाते हैं। ये आर्थिक अन्याय है।'

इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि, 'बिहार भगवान बुद्ध, महावीर जी, गुरु गोविन्द सिंह जी, राजेंद्र प्रसाद जी और अनुग्रह नारायण सिन्हा जी की धरती है। लेकिन जिस बिहार ने दुनिया को रास्ता दिखाया है, उसे BJP ने एक बार फिर से कठिनाईयों में धकेल दिया है। नीतिश कुमार ने कहा था कि मर जाऊंगा, लेकिन कभी BJP में नहीं जाऊंगा। आज वह BJP में चले गए। उन्होंने गरीबों से वादा कर वोट लिया और फिर गरीबों को लूटने वाली पार्टी में घुस गए।