ये लड़ाई BJP और INDIA के बीच है, विपक्षी दलों की बैठक के बाद बोले राहुल गांधी

आज देश की आवाज को दबाया जा रहा है। INDIA नाम इसीलिए चुना गया, क्योंकि लड़ाई NDA और इंडिया के बीच है, मोदी और इंडिया के बीच में है: राहुल गांधी

Updated: Jul 18, 2023, 05:27 PM IST

बेंगलुरु। विपक्षी दलों की दूसरे दिन की बैठक बेंगलुरु में खत्म हो गई है। बैठक में विपक्षी दलों के गठबंधन का नाम INDIA तय किया गया है। इसका फुल फॉर्म इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल एनक्यूजिव एलाइंस है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस बात की जानकारी दी है।

विपक्षी दलों की प्रेस कॉन्फ्रेंस के राहुल गांधी ने मोर्चे का नाम INDIA रखे जाने के पीछे क्या कारण थे इस बात की जानकारी दी। उन्होंने कहा, 'ये गठबंधन देश के साथ है. लड़ाई किसके लिये है, आक्रमण किस पर हो रहा है, हमला किस पर हो रहा है? देश के संविधान, लोगों, संस्था, प्रजातंत्र पर। ये लड़ाई भारत बनाम मोदी है। इसलिए गठबंधन का नाम इंडिया रखा गया है। आपको पता है कि जब कोई इंडिया के खिलाफ खड़ा होता है तो जीत किसकी होगी।'

इस दौरान पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा, 'देश में दलित, हिंदू, मुस्लिम हर किसी की जिंदगी खतरे में है। दिल्ली, बंगाल, मणिपुर हो, सरकार बेचना, सरकार खरीदना यही काम सरकार का है। हमारे गठबंधन का नाम इंडिया है, बीजेपी क्या तुम इंडिया को चैलेंज करोगे?'

वहीं, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा- 9 साल में केंद्र सरकार ने हर सेक्टर को बर्बाद कर दिया है। इन्होंने एयरपोर्ट, जहाज, आसमान, धरती, पाताल सब बेच दिया। इनकी सरकार से किसान, व्यापारी हर वर्ग दुखी है। देश में जिस तरह नफरत फैलाई जा रही है, उससे देश को बचाने के लिए हम इकट्‌ठा हुए हैं।

महाराष्ट्र के पूर्व सीएम उद्धव ठाकरे बॉलीवुड अंदाज में बोले। उन्होंने कहा, 'हम देश को बताने आए हैं कि मैं हूं ना। देश हमारा परिवार है। हम अपने परिवार को बचाने एकत्र हुए हैं।' इससे पहले बैठक में शामिल राष्ट्रीय जनता दल ने ट्वीट किया कि विपक्षी दलों का गठबंधन भारत का प्रतिबिंब है। RJD ने इसके साथ लिखा, 'अब प्रधानमंत्री मोदी को इंडिया कहने में भी पीड़ा होगी।' TMC सांसद डेरेक ओ ब्रॉयन ने ट्वीट किया- चक दे इंडिया। वहीं कांग्रेस सांसद मणिकम टैगोर ने लिखा- इंडिया जीतेगी।