किसान आंदोलन का आज पांचवां दिन, हरियाणा में ट्रैक्टर मार्च, पंजाब में 2 दिन के लिए होगा टोल फ्री

शंभू बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे किसानों के समर्थन में आज चढ़ूनी ग्रुप हरियाणा की सभी तहसीलों पर ट्रैक्टर मार्च निकालेगा।

Updated: Feb 17, 2024, 02:00 PM IST

नई दिल्ली। किसान आंदोलन का आज को पांचवां दिन है। पंजाब के किसान एमएसपी की मांग को लेकर दिल्ली जाने पर अड़े हुए हैं। उन्हें बैरिकेडिंग कर शंभू बॉर्डर पर रोका गया था और वे वहीं पर डटे हुए हैं।

बीते दिन किसानों के भारत बंद का मिलाजुला असर दिखा। पंजाब और हरियाणा में इस बंद का ज्यादा असर था। हालांकि, दिल्ली में भी कई जगहों पर जाम देखा गया। इस आंदोलन में एक किसान और एक सब इंस्पेक्टर समेत 2 लोगों की मौत हो चुकी है। किसान की मौत ठंड लगने और उसके बाद हार्ट अटैक से हुई। वहीं, सब इंस्पेक्टर की मौत टियर गैस में दम घुटने से हुई।

पंजाब का बड़ा किसान संगठन BKU (उगराहां) भी आंदोलन में आ गया है। कल से 2 दिन के लिए वे पंजाब के सभी टोल फ्री कराएंगे। किसान सुबह 11 बजे तक प्रदेश के सभी टोल पर पहुंचकर उन्हें फ्री करांएगे। इसके अलावा पंजाब भाजपा नेता पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह, प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ और केवल ढिल्लो के घर का घेराव करेंगे। 

हरियाणा में BKU (चढ़ूनी) तहसीलों में ट्रैक्टर मार्च निकालेगी। किसानों को सुबह 11 बजे प्रदर्शन का टाइम दिया गया है। किसानों ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा कि किसानों से आह्वान है कि कोई भी किसान ट्रैक्टर के साथ गांव में न बैठा रहे, इस आंदोलन में हिस्सा ले और किसानों की आवाज को उठाए। यह ट्रैक्टर मार्च शांतिपूर्ण तरीके से निकाला जाएगा।