किसान आंदोलन का आज छठा दिन, हरियाणा में 19 फरवरी तक इंटरनेट बंद, पंजाब में फ्री रहेंगे टोल

हरियाणा में भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी ग्रुप) ने दोपहर में कुरुक्षेत्र में किसान-खाप पंचायत बुलाई है। यहां से हरियाणा में आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया जाएगा।

Updated: Feb 18, 2024, 10:01 AM IST

नई दिल्ली। किसान आंदोलन का आज रविवार को छठा दिन है। दिल्ली कूच के लिए निकले किसान पंजाब-हरियाणा के शंभू बॉर्डर पर डटे हुए हैं। इस आंदोलन के दौरान अब तक एक किसान और सब इंस्पेक्टर की हार्ट अटैक से मौत हो चुकी है। पुलिस फायरिंग में कई दर्जन किसान घायल भी हुए हैं। हालांकि, आंदोलन अभी जारी है।

हरियाणा में भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी ग्रुप) ने दोपहर में कुरुक्षेत्र में किसान-खाप पंचायत बुलाई है। यहां से हरियाणा में आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया जाएगा। 7 जिलों में 19 फरवरी की रात 12 बजे तक इंटरनेट बंद रहेगा। इन जिलों में अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा शामिल हैं।

केंद्र सरकार और किसानों के बीच आज शाम को चंडीगढ़ में मीटिंग होगी। यह चौथी वार्ता है। इससे पहले 3 मीटिंग बेनतीजा रहीं थी। इस मीटिंग में कोई फैसला न हुआ तो किसानों ने दिल्ली कूच करने का ऐलान किया है। वहीं पंजाब में आज सारे टोल फ्री रहेंगे। यहां भारतीय किसान यूनियन उगराहां से जुड़े किसान धरने पर बैठे हुए हैं। उन्होंने पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़, पूर्व CM कैप्टन अमरिंदर सिंह और केवल ढिल्लों के घर भी धरना लगा रखा है।

शंभू बॉर्डर पर डटे किसानों का कहना है कि चंडीगढ़ में आज किसान नेताओं और मंत्रियों की मीटिंग होने तक आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से चलेगा। इसके बाद दिल्ली कूच का फैसला लिया जाएगा। फिलहाल यहां हालात सामान्य हैं। किसान सुबह चाय नाश्ता ले रहे हैं।