ट्विटर ने राहुल गांधी के बाद कांग्रेस के ऑफिशियल हैंडल समेत कई बड़े नेताओं का अकाउंट लॉक किया

कांग्रेस के खिलाफ ट्विटर की कार्रवाई, रेप पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए आवाज उठाना पड़ा भारी, ट्विटर ने लॉक किया कांग्रेस का आधिकारिक हैंडल, सुरजेवाला, अजय माकन समेत कई नेताओं के अकाउंट लॉक

Updated: Aug 12, 2021, 12:35 PM IST

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में नौ वर्षीय मासूम का बलात्कार और हत्या के मामले में आवाज उठाना कांग्रेस पार्टी को भारी पड़ गया है। माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर ने राहुल गांधी के बाद अब कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक हैंडल को भी लॉक कर दिया है। इसके पहले बुधवार देर रात खबर मिली थी कि रणदीप सुरजेवाला, अजय माकन समेत कई बड़े नेताओं के अकाउंट्स लॉक कर दिए गए हैं।

कांग्रेस पार्टी ने अपने आधिकारिक फेसबुक हैंडल से एक पोस्ट के माध्यम से इस बात की जानकारी दी है। कांग्रेस ने ट्विटर का एक स्क्रीनशॉट भी साझा किया है। इसमें देखा जा सकता है कि नियमों के उल्लंघन का हवाला देते हुए अकाउंट को अस्थाई रूप से लॉक करने की बात कही गई है।

यह भी पढ़ें: अनाज की बर्बादी गरीबों से चोरी करने के बराबर है, 406 करोड़ की अनाज बर्बादी को लेकर राहुल का केंद्र पर हमला

ट्विटर के इस कार्रवाई को लेकर कांग्रेस ने लिखा, 'जब हमारे नेताओं को जेलों में बंद कर दिया गया, हम तब नहीं डरे तो अब ट्विटर अकाउंट बंद करने से क्या ख़ाक डरेंगे। हम कांग्रेस हैं, जनता का संदेश है, हम लड़ेंगे, लड़ते रहेंगे। अगर बलात्कार पीड़िता बच्ची को न्याय दिलाने के लिए आवाज उठाना अपराध है, तो ये अपराध हम सौ बार करेंगे। जय हिंद...सत्यमेव जयते।' 

इससे पहले कांग्रेस ने बुधवार देर रात बताया था कि कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला समेत कई दिग्गज नेताओं का हैंडल लॉक कर दिया गया है। इनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन, लोकसभा में पार्टी के सचेतक मनिकम टैगोर, पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह तथा महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुष्मिता देव शामिल हैं।

यह भी पढ़ें: नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं के बीच MP में सॉन्ग पॉलिटिक्स, विजयवर्गीय और सीएम शिवराज ने गाया ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे

दरअसल, पिछले हफ्ते देश की राजधानी दिल्ली में एक नौ वर्षीय मासूम बच्ची के साथ बलात्कार कर उसकी हत्या कर दी थी। राहुल गांधी ने बच्ची के मां-बाप से मुलाकात की थी और उन्हें ढांढस बढ़ाकर उनका दुख बांटने का प्रयास किया था। इस दौरान राहुल ने बच्ची के माता-पिता के साथ अपनी तस्वीर ट्वीट करते हुए न्याय की मांग की थी। इस तस्वीर में राहुल बच्ची के माता-पिता को संभालते नजर आ रहे थे।

इस तस्वीर को राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) ने निजता का उल्लंघन करार देते हुए ट्विटर को राहुल के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया था। कंपनी द्वारा राहुल का लॉक किए जाने के बाद कांग्रेस के कई नेताओं ने राहुल के समर्थन में ट्वीट किए। नतीजतन अब ट्विटर कांग्रेस के बाकी नेताओं के हैंडल भी लॉक करने लगी है। माना जा रहा है कि कंपनी ने यह कार्रवाई केंद्र सरकार के दबाव में आकर की है।