केंद्रीय मंत्री नारायण राणे की गिरफ्तारी के आदेश जारी, सीएम उद्धव ठाकरे को कहे थे अपशब्द

जन आशीर्वाद यात्रा पर हैं नारायण राणे, सोमवार को महाड में कर रहे थे प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित, इसी दौरान कहे थे मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को अपशब्द

Publish: Aug 24, 2021, 04:39 AM IST

मुंबई। केंद्रीय मंत्री नारायण राणे की जल्द गिरफ्तारी हो सकती है। नासिक पुलिस की क्राइम ब्रांच शाखा ने केंद्रीय मंत्री की गिरफ्तारी के आदेश जारी कर दिए हैं। केंद्रीय मंत्री की गिरफ्तारी के आदेश शिवसेना की शिकायत के आधार पर जारी किए गए हैं। नारायण राणे पर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को अपशब्द कहने के आरोप हैं। 

नारायण राणे पर यह आरोप है कि उन्होंने सोमवार को महाड में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को अपशब्द कहे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक महाड में जब नारायण राणे प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे, तब उन्होंने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का जिक्र होने पर कहा कि मैं होता को कान के नीचे लगाता। इसके साथ ही नारायण राणे ने कोरोना की स्थिति को लेकर भी मुख्यमंत्री पर निशाना साधा। 

लेकिन नारायण राणे द्वारा सीएम को अपशब्द कहे जाने ने तूल पकड़ लिया। शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री के खिलाफ नासिक पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी। इसके बाद नारायण राणे की गिरफ्तारी को लेकर आदेश जारी कर दिए गए। 

केंद्रीय मंत्री नारायण राणे इस समय जन आशीर्वाद निकाल रहे हैं। जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान वे लागतार ही राज्य सरकार के खिलाफ हमलावर नज़र आ रहे हैं। मुंबई पुलिस जन आशीर्वाद यात्रा के दौरान नारायण राणे के समर्थकों पर 22 मामले दर्ज कर चुकी है।