UPA अध्यक्ष सोनिया गांधी की बिगड़ी तबियत, सर गंगाराम अस्पताल में कराया गया भर्ती

सर गंगा राम अस्पताल की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन में कहा गया है कि सोनिया गांधी को 2 मार्च को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें बुखार है। उनकी निगरानी और जांच की जा रही है।

Updated: Mar 03, 2023, 05:34 PM IST

नई दिल्ली। यूपीए चेयरपर्सन और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की तबीयत एक बार फिर बिगड़ गई है। उन्हें दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल सोनिया गांधी की हालत स्थिर बताई जा रही है और उन्हें निगरानी में रखा गया है। सर गंगाराम अस्पताल ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अस्पताल की ओर से शुक्रवार को जारी हेल्थ बुलेटिन में कहा गया है कि उनका इलाज चेस्ट कंसल्टेंट अनूप बसु कर रहे हैं। सर गंगा राम अस्पताल के अध्यक्ष डॉ डीएस राणा के अनुसार, सोनिया गांधी को 2 मार्च को सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें बुखार है। उनकी निगरानी और जांच की जा रही है और उनकी हालत स्थिर है।

यह भी पढ़ें: अलीराजपुर में दिखा कमलनाथ का अनोखा अंदाज, मांदल की थाप पर आदिवासियों के साथ झूमे पीसीसी चीफ

बता दें कि इस साल यह दूसरी बार है, जब उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इससे पहले जनवरी में सोनिया गांधी को वायरल श्वसन संक्रमण के इलाज के लिए दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सूत्रों के मुताबिक कोई गंभीर बात नही है, सांस लेने में तकलीफ जो वो पिछले कुछ समय से झेल रही थीं, जिसकी वजह से उन्हें अक्सर निबुलाइज़ भी कराया जाता है, उन्हीं कारणों से इस बार भी भर्ती कराया गया है।

सोनिया गांधी की तबीयत ऐसे समय में खराब हुई है, जब उनके बेटे राहुल गांधी 7 दिवसीय ब्रिटेन दौरे पर हैं। मंगलवार को वह कैंब्रिज यूनिवर्सिटी में स्पीच देने के लिए पहुंचे। राहुल ने अपनी स्पीच में भारत में विपक्षी पार्टियों, नेताओं और लोकतांत्रिक संस्थाओं की दिक्कतों का जिक्र किया था।