कानपुर: यूपी के विकास की फाइल ले भागी बकरी, पीछे दौड़ लगाते रहे ब्लॉक के कर्मचारी, वीडियो वायरल

काम छोड़कर धूप सेंक रहे थे ब्लॉक के कर्मचारी, ऑफिस में घुसी बकरी, फाइल लेकर हुई नौ दो ग्यारह, पीछे-पीछे दौड़ा कर्मचारी, विकास के फाइल को चबा गई बकरी

Updated: Dec 02, 2021, 05:06 AM IST

कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां एक अज्ञात बकरी सरकारी दफ्तर से प्रदेश के विकास की फाइल लेकर फरार हो गई। कर्मचारी बकरी के पीछे दौड़ते रहे और वह उन्हें छकाती रही। बताया जा रहा है कि काफी भाग-दौड़ के बाद कर्मचारी को फाइल मिल गई। हालांकि, तबतक बकरी विकास के इस फ़ाइल का अधिकांश हिस्सा चबा चुकी थी।

मामला कानपुर ब्लॉक ऑफिस का है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ब्लॉक के कर्मचारी ठंड के कारण बाहर धूप सेंक रहे थे। कर्मचारियों को आराम फरमाता देख एक काले रंग की बकरी ऑफिस के भीतर दाखिल हो गई। बकरी ने यहां एक फाइल को मुंह से दबाया और बाहर निकल गई। बकरी ने बाहर फाइल को चबाना शुरू कर दिया इसी बीच एक कर्मचारी की उसपर नजर पड़ी। 

कर्मचारी तत्काल भागता हुआ बकरी से फाइल वापस लेने आया। हालांकि, बकरी भी कम होशियार नहीं थी। वह उल्टे दिशा में दौड़ लगाने लगी। कर्मचारी बकरी के पीछे जैसे ही पहुंचता वह फिर दौड़ने लगती। बताया जा रहा है कि काफी भाग दौड़ करने के बाद कर्मचारी बकरी से फाइल वापस लेने में कामयाब रहा। हालांकि, तबतक विकास के फाइल को आधा बकरी चबा चुकी थी।

यह भी पढ़ें: महंगाई के बढ़ते ही गिर गए जुमलों के भाव, राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर साधा निशाना

सोशल मीडिया पर इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इसे गंभीर लापरवाही करार दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि मामला बढ़ने के बाद उच्च-अधिकारियों ने वहां काम करने वाले कर्मचारियों को तलब किया और फाइल भी मंगाई है। कर्मचारियों को दफ्तर के भीतर ही बैठकर काम करने की हिदायत दी गई है।