कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं वरुण गांधी, भाजपा से निष्कासित किए जाने का कर रहे हैं इंतज़ार: रिपोर्ट्स

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वरुण गांधी इस इंतजार में हैं कि बीजेपी के उनके ऊपर कोई कार्रवाई करे, ताकि पार्टी से निष्कासित होने की स्थिति में वे पीलीभीत से सांसद बने रहें

Publish: Oct 15, 2021, 02:49 AM IST

नई दिल्ली। बीजेपी सांसद वरुण गांधी जल्द ही कांग्रेस का दामन थाम सकते हैं। अपनी ही सरकार और पार्टी के खिलाफ आक्रमक रुख अख्तियार करने वाले वरुण गांधी के कांग्रेस में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस समय वरुण गांधी कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के संपर्क में हैं। 

हालांकि कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला वरुण गांधी के कांग्रेस में शामिल होने की अटकलों पर कोई ठोस प्रतिक्रिया नहीं दी है। रणदीप सिंह सुरजेवाला ने वरुण के कांग्रेस में शामिल होने की अटकलों के संबंध में कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। यह मामला गांधी परिवार का आंतरिक मसला है। समय आने पर गांधी परिवार फैसला ले लेगा। 

बीजेपी से निष्कासित किए जाने की राह देख रहे हैं वरुण गांधी 

दूसरी तरफ मीडिया रिपोर्ट्स में वरुण गांधी को लेकर यह चर्चा है कि वे बीजेपी द्वारा कार्रवाई करने का इंतजार कर रहे हैं। अगर बीजेपी खुद उन्हें पार्टी से निष्कासित करेगी तब ऐसी परिस्थिति में वरुण गांधी पीलीभीत से सांसद बने रहेंगे। अन्यथा खुद ही पार्टी छोड़ने पर वे सांसद बने नहीं रह पाएंगे। 

बीजेपी क्यों छोड़ना चाहते हैं वरुण गांधी 

वरुण गांधी को बीते कुछ महीनों ने आंदोलनरत किसानों के समर्थन में बोलते देखा गया है। वरुण गांधी किसानों के समर्थन में खड़े हैं, इसलिए वे बीजेपी की नीतियों की मुखरता के साथ आलोचना कर रहे हैं। वरुण गांधी के लगातार तीखे प्रहार से बौखलाई बीजेपी ने उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारिणी से भी बाहर कर दिया। 

यह भी पढ़ें : अटल का वीडियो साझा कर वरुण गांधी ने बीजेपी को चेताया, किसानों का दमन करना छोड़ दो

राष्ट्रीय कार्यकारिणी से बाहर किए जाने से वरुण गांधी काफी नाराज़ बताए जा रहे हैं। गुरुवार को ही उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई का एक वीडियो साझा किया था जिसमें पूर्व पीएम सरकार को किसानों का दमन बंद करने की चेतावनी देते नज़र आ रहे थे। उस वीडियो को वरुण गांधी का मोदी सरकार को संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।