मणिपुर में फिर भड़की हिंसा, खमेनलोक में गोलीबारी में 9 लोगों की मौत, 10 घायल

मणिपुर में हिंसा में मारे गए लोगों में से कुछ के शरीर पर कट के निशान हैं और कई गोलियां लगी हैं। कई घायलों को इलाज के लिए इंफाल ले जाया गया है।

Updated: Jun 14, 2023, 02:38 PM IST

इंफाल। मणिपुर में हिंसा की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। यहां खामेनलोक इलाके के एक गांव में संदिग्ध उग्रवादियों के हमले में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई। वहीं 10 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि अत्याधुनिक हथियारों से लैस उग्रवादियों ने रात करीब एक बजे इंफाल पूर्वी जिले और कांगपोकी जिले की सीमा से लगे खामेनलोक इलाके में ग्रामीणों को घेर लिया और हमला कर दिया। घायलों को इंफाल के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह क्षेत्र मेइती-बहुल इंफाल ईस्ट जिले और आदिवासी बहुल कांगपोकपी जिले की सीमाओं से लगा है। इंफाल ईस्ट जिले के खामेनलोक इलाके में उग्रवादियों और ग्रामीणों के बीच सोमवार को हुई गोलीबारी में नौ लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने बताया कि सुरक्षा बलों की बिष्णुपुर जिले के फौगाकचाओ इखाई में कुकी उग्रवादियों के साथ मंगलवार को मुठभेड़ हुई।

हिंसा के चलते राज्य में इंटरनेट पर 15 जून तक बैन बढ़ा दिया गया। कुछ इलाकों में कर्फ्यू में ढील भी दी गई है।