हिमाचल प्रदेश में वोटिंग शुरू, आज ईवीएम में कैद हो जाएगी 412 प्रत्याशियों की किस्मत

हिमाचल में 55 लाख से अधिक मतदाता 68 निर्वाचन क्षेत्रों में 412 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। राज्य में आज हो रहा चुनाव बीजेपी और कांग्रेस के लिए साख की लड़ाई बन चुका है।

Updated: Nov 12, 2022, 05:07 AM IST

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश की सभी 68 विधानसभा सीटों पर वोटिंग शुरू हो गई है। मतदान सुबह 08 बजे शुरू होकर शाम 05 बजे तक चलेगा। इस बार प्रदेश के 55,92,828 मतदाता चुनावी रण में उतरे 412 उम्मीदवारों की राजनीतिक भविष्य आज ईवीएम में कैद कर देंगे। इनमें 24 महिलाएं भी शामिल हैं। हिमाचल की मतगणना 08 दिसंबर को गुजरात के साथ ही होगी।

राज्य में आज हो रहा चुनाव बीजेपी और कांग्रेस के लिए साख की लड़ाई बन चुका है। बीजेपी ने जहां चुनावी सफलता दोहराने की उम्मीद कर रही है वहीं, विपक्षी दल कांग्रेस मतदाताओं से निवर्तमान सरकार को सत्ता से बेदखल करने की चार दशक पुरानी परंपरा का पालन करने का अनुरोध कर रही है।

यह भी पढ़ें: कांग्रेस को मिला उद्धव सेना का समर्थन, भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए आदित्य ठाकरे

हिमाचल चुनाव में बागियों ने बीजेपी की टेंशन बढ़ा दी है। करीब 22 सीट ऐसे हैं जहां बीजेपी के बागी चुनावी मैदान में हैं। कांग्रेस को इससे फायदा मिलता दिख रहा है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पार्टी के लिए मुख्य रूप से हिमाचल प्रदेश चुनाव का प्रचार अभियान संभाला था। वहीं बीजेपी पीएम मोदी के चेहरे पर चुनाव लड़ रही है। राज्य में बीजेपी की स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पीएम मोदी बागियों को स्वयं फोन कर रहे थे।

पिछले दो चुनावों में लचर प्रदर्शन करने वाली कांग्रेस के लिए भाजपा से हिमाचल प्रदेश छीनना अपने अस्तित्व का सवाल है। कांग्रेस के लिए यह और अहम है क्योंकि 24 साल बाद गांधी परिवार के बाहर के किसी व्यक्ति (मल्लिकार्जुन खरगे) ने पार्टी की कमान संभाली है और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी प्रचार से पूरी तरह दूर रहे हैं।