पश्चिम बंगाल के दत्तपुकुर में अवैध पटाखा फैक्ट्री में धमाका, 5 की मौत, कई घायल अस्पताल में भर्ती

अवैध पटाखा फैक्ट्री में धमाके के बाद पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है। बचाव अभियान जारी है। घायलों को इलाज के लिए बारासात अस्पताल ले जाया गया है।

Publish: Aug 27, 2023, 02:24 PM IST

दत्तपुकुर। पश्चिम बंगाल के दत्तपुकुर में अवैध पटाखा फैक्ट्री में धमाका हुआ है। धमाके में कई लोगों के मारे जाने की खबर है। फिलहाल पांच शव बरामद किए गए हैं। धमाके के बाद पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है। बचाव अभियान जारी है। फायर स्टेशन अधिकारी आशीष घोष ने कहा कि 5 शव बरामद किए गए हैं। कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए बारासात अस्पताल ले जाया गया है।


बताया जा रहा है मौत का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है, क्योंकि विस्फोट में घायल लोगों में से कुछ की हालत बेहद गंभीर है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, विस्फोट रविवार सुबह करीब 9.30 बजे हुआ। विस्फोट इतना जोरदार था कि उस गोदाम की छत पूरी तरह उड़ गई जहां अवैध रूप से पटाखों का कच्चा माल रखा हुआ था। मरने वालों में कुछ महिलाएं भी शामिल हैं।

विस्फोटों के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया और उन्होंने आरोप लगाया कि पटाखा गोदाम स्थानीय पुलिस के सक्रिय समर्थन से काफी समय से अवैध रूप से चल रहा था। स्थानीय लोगों ने शिकायत की कि गोदाम के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के लिए बार-बार की गई शिकायतों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया।