युद्ध रुकवाने वाले पेपर लीक क्यों नहीं रोक पा रहे हैं, राहुल गांधी का पीएम मोदी पर तीखा हमला

खबरें थी कि पीएम मोदी ने रूस-यूक्रेन के बीच लड़ाई एक फोन करके रुकवा दी थी। गाजा और इजराइल की लड़ाई भी एक फोन करके रुकववाई थी। कुछ कारणों से नरेंद्र मोदी भारत में पेपर लीक नहीं रोक पा रहे हैं: राहुल गांधी

Updated: Jun 20, 2024, 04:23 PM IST

नई दिल्ली। पेपर लीक को लेकर केंद्र की मोदी सरकार चौतरफा घिरी हुई है। NEET के बाद NET-UGC पेपर लीक ने युवाओं को आक्रोशित कर दिया है। इसी बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पेपर लीक मामले को लेकर पीएम मोदी पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि युद्ध रुकवाने वाले पेपर लीक क्यों नहीं रोक पा रहे हैं?

AICC मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के दौरान हजारों छात्रों ने पेपर लीक की शिकायत की थी। अब देश में NEET और UGC-NET के पेपर लीक हुए हैं। दावा किया जाता है कि नरेंद्र मोदी युद्ध रुकवा देते हैं, लेकिन वे पेपर लीक नहीं रुकवा पा रहे हैं या फिर वे पेपर लीक रोकना नहीं चाहते। मध्य प्रदेश में व्यापम घोटाला हुआ, जिसे नरेंद्र मोदी पूरे देश में फैला रहे हैं। 

राहुल गांधी ने कहा कि पेपर लीक का कारण है कि BJP ने पूरे सिस्टम को कैप्चर कर रखा है। जब तक ये कैप्चर रिवर्स नहीं होगा, पेपर लीक चलता रहेगा।हमारे कुलपतियों को योग्यता के आधार पर नहीं रखा जाता है। बल्कि इसलिए क्योंकि वे एक खास संगठन से जुड़े होते हैं। और इस संगठन और भाजपा ने हमारी शिक्षा प्रणाली में घुसपैठ की है और इसे नष्ट कर दिया है। नरेंद्र मोदी ने नोटबंदी करके अर्थव्यवस्था के साथ जो किया, वही अब शिक्षा प्रणाली के साथ भी किया है। ऐसा होने और आपको परेशान होने का कारण यह है कि एक स्वतंत्र, निष्पक्ष शिक्षा प्रणाली को नष्ट कर दिया गया है।

राहुल गांधी ने कहा कि राहुल गांधी ने कहा कि पेपर लीक से देश के छात्रों को चोट लगी है। कांग्रेस ने अपने मैनिफेस्टो में लिखा था- पेपर लीक होने के बाद कार्रवाई करने के साथ ही, पेपर लीक रोकने के लिए सिस्टम को री-डिजाइन करना भी बेहद जरूरी है। विपक्ष दबाव डालकर, सरकार से ये दो काम कराने की कोशिश करेगा। पेपर लीक एक एंटी नेशनल गतिविधि है, क्योंकि इससे युवाओं को जबरदस्त चोट पहुंचती है। इसलिए पेपर लीक के जिम्मेदारों को पकड़ा जाना चाहिए और उनके ऊपर कार्रवाई होनी चाहिए।