कठपुतली एजेंसियों का डर दिखाकर आप देश की आवाज को दबा नहीं सकते, प्रियंका गांधी का केंद्र पर हमला

प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के मित्र गौतम अडानी पर शेल कंपनियों के जरिए घपला और अन्य कई गंभीर आरोप लगे, लेकिन क्या आपको कोई भी एजेंसी इसकी जांच करते दिखी?

Updated: Feb 21, 2023, 11:05 AM IST

नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने केंद्र और पीएम मोदी पर जोरदार हमला बोला है। प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अधिवेशन को बाधित करने और अडानी मामले से ध्यान भटकाने के लिए छत्तीसगढ़ में छापेमारी की जा रही है। 

प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर लिखा, "प्रधानमंत्री जी के मित्र गौतम अडानी पर शेल कंपनियों के जरिए घपला और अन्य कई गंभीर आरोप लगे, लेकिन क्या आपको कोई भी एजेंसी इसकी जांच करते दिखी? लेकिन, कांग्रेस अधिवेशन में अड़ंगा डालने व पीएम मोदी और उनके मित्र के बीच की सांठगांठ पर उठ रही आवाजों पर एजेंसियां लगा दी गई हैं।"

प्रियंका गांधी ने आगे लिखा कि, "भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस निडर होकर देश के मुद्दों पर आवाज उठाती रहेगी। कांग्रेस अधिवेशन में हम महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ बुलंद आवाज उठाने का संकल्प लेंगे। कठपुतली एजेंसियों का डर दिखाकर आप देश की आवाज को दबा नहीं सकते।"

वहीं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश सिंह बघेल ने भी ट्वीट कर बीजेपी पर निशाना साधा है। सीएम बघेल ने सोशल मीडिया पर शायराना अंदाज में लिखा, "लाख हों रोकने की कोशिशें, हम सफल होंगे।सच के आगे इनके सब षड्यंत्र विफल होंगे। 85वां महाधिवेशन कांग्रेस के लिए तो ऐतिहासिक है ही, लेकिन इसकी सफलता बीजेपी भी आसानी से नहीं भुला पाएगी।"

बता दें कि रायपुर में होने वाले कांग्रेस के महाधिवेशन से पहले छत्तीसगढ़ में कांग्रेस नेताओं से जुड़े परिसरों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापा मारा। कांग्रेस का आरोप है कि मोदी सरकार बीजेपी 'भारत जोड़ो यात्रा' की सफलता और अडानी की सच्चाई उजागर होने से निराश है। यह छापेमारी ध्यान भटकाने की कोशिश है। देश सच जानता है।