चार पत्ती और चार लाख क़ीमत
Four Leaves Plant: न्यूज़ीलैंड में बिके राफिडोफोरा टेट्रास्पर्मा नामक इस पौधे की सबसे खास बात यह है कि चारों पत्तों का रंग पीले रंग में बदलता रहता है

नई दिल्ली। न्यूजीलैंड से एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। वहां चार पत्तियों वाला एक पौधा भारतीय रुपए के अनुसार तकरीबन चार लाख रुपए में बिका। यानि एक पत्ते की कीमत एक लाख रुपए है।
घरों को हाउस प्लांट से सजाना आज के समय में एक नया ट्रेंड बना हुआ है। लेकिन अचरज की बात है कि ट्रेंड को फॉलो करने के लिए कोई आदमी सच में चार पत्तियों वाले पौधे को चार लाख का भुगतान कर के खरीद सकता है?
आखिर पौधे में ऐसा क्या है?
चार पत्तों वाला पौधा एक दुर्लभ पौधा है। राफिडोफोरा टेट्रास्पर्मा के नाम से इस पौधे की पहचान है। इसे फिलोडेंड्रोन मिनीमा के नाम से भी जाना जाता है। पौधे की सबसे खास और मोहक बात पौधे में चारों पत्तों के रंग पीले रंग में परिवर्तित होते रहना है।
हाल ही में न्यूजीलैंड की सबसे बड़ी ट्रेड साइट ट्रेड मी पर इसकी बोली लगाई गई थी। पौधे को इतनी महंगी कीमत दे कर खरीदने वाले व्यक्ति का कहना है कि उसे दुनिया के सबसे अच्छे पौधों को खरीद कर संग्रहीत करना है। लिहाज़ा उसने इस दुर्लभ पौधे को इतनी बड़ी कीमत दे कर अपने नाम किया है।