INDIA गठबंधन की एकता देखनी हो तो UP में चल रही हमारी यात्रा में देखिए, दिग्विजय सिंह ने सपा नेताओं का जताया आभार
सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के माध्यम से दिग्विजय सिंह लगातार मंदिरों और धार्मिक स्थलों से जुड़े चढ़ावे एवं दान की पारदर्शिता और नागरिकों के मताधिकार का मुद्दा उठा रहे हैं।
झांसी। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के 36वें दिन रविवार को उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में पदयात्रा जारी रही। यात्रा के दौरान समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिग्विजय सिंह का स्वागत किया और यात्रा के संकल्पों के प्रति अपना समर्थन जताया। सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की इस भागीदारी को दिग्विजय सिंह ने INDIA गठबंधन की एकजुटता का उदाहरण बताया।
दिग्विजय सिंह ने सपा कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा करते हुए लिखा, "INDIA गठबंधन की एकता देखनी हो तो उत्तरप्रदेश में चल रही हमारी ‘सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा’ में आकर देख लीजिए। समाजवादी पार्टी के नेता एवं कार्यकर्ता पूरे समर्पण और निष्ठा के साथ हमारी यात्रा के संकल्प से जुड़ रहे हैं।" उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय, आपसी भाईचारे एवं सद्भाव की भावना इस यात्रा में साझा प्रतिबद्धता है। दिग्विजय सिंह ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित पार्टी के सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का पदयात्रा में अमूल्य सहयोग देने के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
रविवार सुबह यात्रा की शुरुआत झांसी जिले के पहाड़ी बुजुर्ग स्थित रायसेनिया बाबा मंदिर से हुई। यहां से पदयात्रा चिरगांव जोड़, चिरगांव स्थित पीताम्बरा मैरिज गार्डन और परशुराम चौराहा होते हुए आगे बढ़ी। दोपहर में यात्रा का भोजन एवं विश्राम होटल देदर रिसोर्ट मैरिज गार्डन में निर्धारित था। दोपहर विश्राम के बाद यात्रा ग्राम बराल से पदयात्रा आगे बढ़ेगी। श्रीराम भोजनालय होते हुए यात्रा महाकालेश्वर मैरिज गार्डन, करगुवां पिपलेश्वर हनुमान मंदिर पहुंचेगी, जहां पदयात्रा का विश्राम होगा। वहीं, यात्रियों का रात्रि विश्राम सुल्तानपुरा ब्रिज के पास होटल देदर रिसोर्ट मैरिज गार्डन में किया गया है।
सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के माध्यम से दिग्विजय सिंह लगातार मंदिरों और धार्मिक स्थलों से जुड़े चढ़ावे एवं दान की पारदर्शिता और नागरिकों के मताधिकार का मुद्दा उठा रहे हैं। यात्रा की प्रमुख मांग है कि राम मंदिर निर्माण के नाम पर एकत्रित चंदे और मंदिर ट्रस्ट के धन का पूरा हिसाब सार्वजनिक किया जाए। इसके साथ ही चंदा चोरी और वोट चोरी के आरोपों की निष्पक्ष जांच, राम मंदिर ट्रस्ट के वित्तीय लेनदेन की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच तथा चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग शामिल है। यात्रा में ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से चुनाव कराने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया जा रहा है। लोकतंत्र, संविधान, सामाजिक न्याय, आपसी भाईचारे और सद्भाव के इन संकल्पों के साथ यात्रा उज्जैन से अयोध्या की ओर आगे बढ़ रही है।




