भारतीय महिला टीम 7वीं बार बनी एशिया कप चैंपियन, श्रीलंका को फाइनल मुकाबले में 8 विकेट से हराया

भारत ने विमेंस एशिया कप 2022 के फाइनल में श्रीलंका को 8 विकेट से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया है। 66 रनों के लक्ष्य को भारत ने सिर्फ 8.3 ओवर में हासिल कर लिया।

Updated: Oct 15, 2022, 11:07 AM IST

ढाका। भारतीय महिला टीम ने सातवीं बार एशिया कप अपने नाम किया है। शनिवार को खेले गाए फाइनल मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को 8 विकेट से हरा दिया। इसी के साथ हरमनप्रीत कौर ने खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वे पूर्व महिला कप्तान मिताली राज के बराबर पहुंच गई हैं और एमएस धोनी को पीछे छोड़ दिया है। उनकी अगुवाई में टीम ने 7 बार एशिया कप अपने नाम किया है।

श्रीलंका की टीम फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट पर सिर्फ 65 रन ही बना सकी थी। जवाब में भारतीय महिला टीम ने लक्ष्य को 8.3 ओवर में 2 विकेट पर हासिल कर लिया। तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ने 5 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं स्मृति मंधाना ने नाबाद 51 रन बनाए। उन्होंने छक्का लगाकर जीत दिलाई। 

यह भी पढ़ें: भुखमरी में भारत की हालत पाकिस्तान, बांग्लादेश और नेपाल से भी बदतर, 121 देशों की लिस्ट में मिली 107वीं रैंक

बता दें कि श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया। भारतीय गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के आगे श्रीलंकाई टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 65 रन ही बना पाई। इनोका रनवेरा ने सबसे ज्यादा 18 रन बनाए। भारत के लिए रेणुका सिंह ठाकुर ने तीन विकेट लिए। राजेश्वरी गायवाड और स्नेह राणा ने दो-दो विकेट लिए।

जवाब में भारत ने 8.3 ओवर में दो विकेट खोकर 71 रन बनाते हुए टारगेट हासिल कर लिया। स्मृति मंधाना ने छक्का जमाकर टीम इंडिया को खिताबी जीत दिलाई। मंधाना 25 गेंद पर 51 रन बनाकर नाबाद रहीं। उन्होंने 6 चौके और 3 छक्के जमाए। उनका स्ट्राइक रेट 204 का रहा। कप्तान हरमनप्रीत कौर 11 रन बनाकर मंधाना के साथ नाबाद रहीं।