ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 100 छक्के लगाने वाले पहले बल्लेबाज़ बने रोहित शर्मा

रोहित शर्मा के बाद ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज़्यादा 63 छक्के इयॉन मॉर्गन ने लगाए हैं

Updated: Jan 08, 2021, 09:50 PM IST

Photo Courtesy : Indian Express
Photo Courtesy : Indian Express

नई दिल्ली। सिडनी में खेली जा रही बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के तीसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज़ रोहित शर्मा ने एक नया कीर्तिमान अपने नाम कर लिया। हिट मैन रोहित शर्मा ने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 100 छक्के लगा दिए हैं। ऐसा करने वाले रोहित शर्मा दुनिया के पहले बल्लेबाज़ बन गए हैं। रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में 76, टेस्ट में 9 और टी ट्वेंटी में 15 छक्के जड़े हैं।

यह भी पढ़ें: कोहली से बेहतर कप्तान हैं रोहित शर्मा, दोनों में ज़मीन आसमान का फर्क

अंतर्राष्ट्रीय मैचों में रोहित शर्मा के बाद सबसे ज़्यादा छक्के मारने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के बल्लेबाज़ इयॉन मॉर्गन के नाम है। मॉर्गन ने ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध कुल 63 छक्के जड़े हैं। हालांकि अंतर्राष्ट्रीय मैचों में किसी एक टीम के खिलाफ सबसे ज़्यादा छक्के मारने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है। गेल ने इंग्लैंड के खिलाफ 130 छक्के लगाए हैं।

यह  भी पढ़ें : रोहित शर्मा सहित पांच भारतीय क्रिकेटरों पर बायो बबल तोड़ने का आरोप, पांचों खिलाड़ी अब आइसोलेशन में

अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज़्यादा छक्के मारने का रिकॉर्ड भी क्रिस गेल के ही नाम है। गेल ने 462 मैचों में 534 छक्के लगाए हैं। गेल के बाद सबसे ज़्यादा छक्के मारने का कीर्तिमान पाकिस्तान के शाहिद आफरीदी के नाम है। आफरीदी ने 524 मैचों में 476 छक्के जड़े थे। रोहित शर्मा 364 मैचों में 423 छक्के लगाकर तीसरे स्थान पर हैं। इसके बाद भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का नाम आता है। धोनी ने 538 मैचों में 359 छक्के लगाए थे। जबकि न्यूज़ीलैंड के ब्रैंडन मैकुलम ने 432 पारियों में 398 छक्के लगाए थे।