इंडियन टीम की कप्तानी करने वाले सबसे उम्रदराज़ क्रिकेटर बने शिखर धवन, तोड़ा 37 साल पुराना रिकॉर्ड

शिखर धवन से पहले यह रिकॉर्ड मोहिंदर अमरनाथ के नाम था, अमरनाथ ने 1984 में जब पहली बार भारतीय टीम की कप्तानी की थी तब उनकी उम्र 34 वर्ष 37 दिन थी

Publish: Jul 18, 2021, 01:03 PM IST

Photo Courtesy : The Quint
Photo Courtesy : The Quint

नई दिल्ली। श्रीलंका में इस समय पहला वनडे खेल रही भारतीय टीम के कप्तान शिखर धवन ने एक नायाब रिकॉर्ड अपने करियर में दर्ज कर लिया है। धवन बतौर कप्तान भारतीय टीम की कप्तानी करने वाले सबसे उम्रदराज कप्तान बन गए हैं। धवन से पहले यह रिकॉर्ड मोहिंदर अमरनाथ के नाम था।  

शिखर धवन आज जब भारतीय टीम की अगुवाई करते हुए प्रेमदासा में उतरे तब उन्होंने  37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। धवन की उम्र इस समय 35 वर्ष 225  दिन है। धवन से पहले मोहिंदर अमरनाथ ने जब 1984 में कप्तानी की थी तब उनकी उम्र 34 साल थी। 

मोहिंदर अमरनाथ के अलावा पूर्व विकेटकीपर सैयद किरमानी ने 33 साल 353 दिन की उम्र में भारतीय टीम की कप्तानी की थी। इंगलैंड और वेस्ट इंडीज के खिलाफ भारत को उसकी पहली टेस्ट सीरिज़ जिताने वाले कप्तान अजीत वाडेकर ने जब भारतीय टीम की कमान अपने हाथों में ली थी,उस समय उनकी उम्र 33 साल 109 दिन थी।  

अब इस लिस्ट में सबसे ऊपर शिखर धवन का नाम दर्ज हो गया है। हालांकि शिखर धवन आज ही एक और रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं। अगर गब्बर ने आज बल्लेबाजी करते हुए अपना निजी स्कोर 23 रन के आंकड़े तक पहुंचा दिया, तो वह वनडे क्रिकेट में दूसरे सबसे तेज़ 6 हज़ारी भारतीय बल्लेबाज़ बन जाएंगे। इस लिस्ट में सबसे ऊपर टीम इंडिया के मौजूदा कप्तान विराट कोहली का नाम है, कोहली ने 136 पारियों में 6 हज़ार रन पूरे किये थे। वहीं सौरव गांगुली ने 146 पारियों में अपने 6 हज़ार रन पूरे किये थे। अगर धवन ने आज यह मुकाम हासिल किया, तो वह 139वीं पारी में यह मुकाम हासिल करेंगे।