टोक्यो पैरालंपिक में भारत का जलवा, प्रमोद भगत ने दिलाया बैडमिंटन में गोल्ड, एक दिन में आया दूसरा गोल्ड मेडल

टोक्यो पैरालंपिक के 11वें दिन भारतीय खिलाड़ियों पर हुई पदक की बरसात, प्रमोद भगत ने बैडमिंटन में गाड़ा झंडा, मानोज सरकार की मिला ब्रॉन्ज मेडल

Updated: Sep 04, 2021, 11:14 AM IST

टोक्यो। टोक्यो पैरालंपिक का 11वां दिन भारत के लिए बेहद शानदार रहा। भारतीय खिलाड़ियों ने आज अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए मेडलों की बरसात कर दी। भारतीय स्टार खिलाड़ी प्रमोद भगत ने आज बैडमिंटन सिंगल्स में देश का झंडा गाड़ दिया। बैडमिंटन खेल में भारत को पहली बार गोल्ड मेडल मिला है।

इसी खेल का ब्रॉन्ज मेडल भी भारत के नाम रहा। भारतीय खिलाड़ी मनोज सरकार ने ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया। पुरुष सिंगल्स के SL3 कैटेगरी में प्रमोद कुमार का सामना ग्रेट ब्रिटेन के डेनियल ब्रेथेल से था। इस दौरान प्रमोद ने शानदार खेल प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। वहीं ब्रॉन्ज मेडल के लिए मनोज सरकार ने जापान के फुजीहारा को मात दी। 

प्रमोद भगत टोक्यो पैरालंपिक में गोल्ड जितने पहले भारतीय शटलर बन गए हैं। बता दें कि आज ही शूटिंग में भारतीय शूटर मनीष नरवाल ने गोल्ड जीता था। इसी खेल में दूसरे नंबर पर जगह बनाते हुए भारतीय शूटर सिंहराज अधाना ने भी सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाया। पैरालंपिक में सिंहराज अधाना का यह दूसरा मेडल है। इसके पहले वे 10 मीटर एयर पिस्टल में भी ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम कर चुके हैं।

यह भी पढ़ें: शूटिंग में भारत का डबल धमाका, मनीष नरवाल ने जीता गोल्ड, सिंहराज ने जमाया सिल्वर पर कब्जा

भारत को आज दो गोल्ड मेडल मिले हैं और इसे पैरालंपिक के लिए सुनहरा शनिवार कहा जाने लगा है। टोक्यो पैरालंपिक में भारत को कुल 17 मेडल मिल चुके हैं। इनमें 4 गोल्ड, 7 सिल्वर और 6 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। भारत के लिहाज से इस साल देश के खिलाड़ियों ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है। हालांकि, वैश्विक पदक तालिका में भारत का स्थान 34वां है। 

टोक्यो से पहले अबतक के पैरालंपिक इतिहास में भारत ने महज 27 मेडल जीते थे। टोक्यो पैरालंपिक्स में भारत की ओर से गोल्ड पर कब्जा जमाने वालों में अवनि लेखरा (10 मीटर एयर राइफल शूटिंग), सुमित अंतुल (जेवलिन थ्रो) और मनीष नरवाल (50 मीटर मिक्स्ड शूटिंग) और प्रमोद भगत (बैडमिंटन) शामिल हैं।