भोपाल ISBT में आधा दर्जन से ज्यादा बसों में लगी आग, यात्रियों की सभी ट्रिप कैंसिल
भोपाल के ISBT बस स्टैंड पर रविवार शाम वर्मा ट्रेवल्स की करीब सात बसों में आग लग गई।
भोपाल। राजधानी के ISBT बस स्टैंड पर रविवार शाम आग लगने से वर्मा ट्रेवल्स की करीब 7 बसें इसकी चपेट में आ गई। आग एक बस से शुरू होकर पास में खड़ी दूसरी बसों तक फैल गई। दमकल विभाग की 10 गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। घटना के बाद संबंधित बसों से होने वाली यात्रियों की सभी ट्रिप कैंसिल कर दी गई।
आग की चपेट में आई बसें बालाघाट, सिवनी, इंदौर और दूसरे शहरों के रूट पर चलती थीं। इनमें नागपुर-अहमदाबाद और सूरत जाने वाली बसें भी शामिल बताई गई हैं। राहत की बात यह रही कि घटना के समय सभी बसें खाली थीं और उनमें कोई यात्री मौजूद नहीं था।
बस स्टैंड पर जिस जगह आग लगी उसके आसपास ऑयल टैंकर भी खड़े थे। ऐसे में आग फैलने की घटना के बाद मौके पर सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। एक के बाद एक बसों को आग की चपेट में आता देख परिसर में मौजूद लोगों के बीच अफरा तफरी मच गई।
स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने आसपास का क्षेत्र खाली कराया और सुरक्षा घेरा बनाया, ताकि लोगों को आग वाली जगह से दूर रखा जा सके।
फायर ऑफिसर सौरभ पटेल के मुताबिक, दमकल विभाग की 10 गाड़ियों की मदद से आग बुझा दी गई। हालांकि, शुरुआती जानकारी के बाद भी आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
फिलहाल यह भी पता नहीं चला है कि आग से बसों को कितना आर्थिक नुकसान हुआ। घटना में किसी के घायल होने या जान जाने की पुष्टि से जुड़ी जानकारी भी सामने नहीं आई है।
आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी। फिलहाल बसों के संचालन पर पड़े असर के चलते यात्रियों की निर्धारित ट्रिप रद्द कर दी गई हैं।




