युवराज सिंह को हरियाणा पुलिस ने किया गिरफ्तार, यजुवेंद्र चहल पर जातिगत टिप्पणी करने का आरोप

युवराज सिंह को शनिवार को हरियाणा की हांसी पुलिस ने गिरफ्तार किया था, लेकिन उनकी इस गिरफ्तारी को गुप्त रखा गया था

Publish: Oct 18, 2021, 03:09 AM IST

Photo Courtesy: Cricket Tracker
Photo Courtesy: Cricket Tracker

चंडीगढ़। पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह हरियाणा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। टीम इंडिया के क्रिकेटर यजुवेंद्र चहल पर जातिगत टिप्पणी करने के मामले में युवराज सिंह की गिरफ्तारी हुई थी। हांसी पुलिस ने युवराज को शनिवार को गिरफ्तार किया था। 

हालांकि पुलिस ने युवराज की गिरफ्तारी को गुप्त रखा था। जिसकी जानकारी रविवार देर रात सामने आई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक युवराज को पहले गिरफ्तार किया गया। इसके थोड़ी ही देर बार उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।

दरअसल युवराज सिंह के खिलाफ सोशल एक्टिविस्ट रजत कलसन ने पुलिस में शिकायत की थी। कलसन ने जून 2020 में हांसी में युवराज के खिलाफ जातिगत टिप्पणी करने की शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके बाद पुलिस ने इसी साल फरवरी में युवराज के खिलाफ एससी एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया था। शनिवार को इसी सिलसिले में युवराज को पूछताछ के लिए हिसार बुलाया गया था। 

युवराज सिंह लॉकडाउन के दौरान भारतीय क्रिकेटरों से बातचीत करते हुए नज़र आते थे। इसी क्रम में जब वह रोहित शर्मा के साथ इंस्टा लाइव कर रहे थे, तब बातचीत के दौरान ही उन्होंने यजुवेंद्र चहल को लेकर मजाक में कुछ कहा था। जिसके बाद सोशल मीडिया पर युवराज सिंह पर जातिगत टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया था। हालांकि उस दौरान भी युवराज सिंह ने इसको लेकर खेद व्यक्त किया था।