छत्तीसगढ़ में पहले चरण में 20 सीटों पर 70.87% मतदान, नक्सली हमले के बीच बीजापुर में हुई सबसे कम वोटिंग

Chhattisgarh Assembly elections: शाम पांच बजे तक छत्तीसगढ़ में पहले फेज में 20 सीटों के लिए 70.87% मतदान हो चुका है।

Publish: Nov 07, 2023, 08:02 PM IST

CG Election 2023: छत्तीसगढ़ के 20 विधानसभा सीटों पर वोटिंग खत्म हो गया है। प्रदेश में शाम 5 बजे तक 70.87% मतदान हुआ है। सबसे ज्यादा भानुप्रतापपुर में 79.10% मतदान किया गया है। वहीं, बीजापुर में सबसे कम 40.98 फीसदी मतदान हुआ।

मतदान के बीच नक्सलियों ने जमकर आतंक मचाया। कांकेर, नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा में नक्सली वारदातें और मुठभेड़ की घटनाएं सामने आई हैं। सुकमा में दो अलग-अलग IED ब्लास्ट में 2 जवान घायल हुए हैं। अभी मीनपा इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों में मुठभेड़ जारी है। सूत्रों के मुताबिक, 3 जवान घायल हुए हैं। इसके अलावा कांकेर में हुई मुठभेड़ में गोली लगने से एक किसान घायल हुआ है। बीजापुर में कई नक्सलियों के घायल होने का दावा किया जा रहा है। नारायणपुर में मुठभेड़ के बाद नक्सली भाग निकले।

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में सुरक्षाबल के जवानों ने 2 किलो का टिफिन बम (आईईडी) बरामद किया। नक्सली ब्लास्ट करने वाले थे, इससे पहले ही आईईडी बरामद हो गई। दंतेवाड़ा के अरनपुर थाने से महज कुछ किमी की दूरी पर सीआरपीएफ 111 बटालियन के जवानों ने आईईडी बरामद की। मतदान दलों के वापसी के दौरान ब्लास्ट किया जाना था। नक्सलियों ने आज सुबह ही आईईडी प्लांट की थी।

जिन 20 सीटों पर मतदान हुआ है, उनमें से 19 सीटें कांग्रेस के कब्जे में हैं। केवल एक राजनांदगांव सीट भाजपा के पास है। 2018 के चुनाव में दंतेवाड़ा सीट भाजपा के पास थी, लेकिन नक्सली हमले में विधायक की मौत के बाद हुए उप चुनाव में ये सीट कांग्रेस के खाते में चली गई।