UP: समाजवादी पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी, अखिलेश यादव ने 25 लाख नौकरियां और कर्ज माफी का किया वादा

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को संविधान दिवस पर लखनऊ में जन मन का मैनिफेस्टो जारी किया। इसमें 25 लाख सरकारी नौकरियां, 40 हजार रुपए सालाना पेंशन, कर्जमाफी और 300 यूनिट मुफ्त बिजली जैसे वादे शामिल हैं।

Publish: Nov 26, 2026, 06:28 PM IST

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को संविधान दिवस के मौके पर लखनऊ में पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी किया। इसे जन मन का मैनिफेस्टो और पीडीए का प्रणपत्र नाम दिया गया है। इसमें पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने, बेरोजगार ग्रेजुएट युवाओं को हर महीने 5 हजार रुपए भत्ता, बुजुर्ग महिलाओं और श्रमिकों को सालाना 40 हजार रुपए पेंशन देने जैसे बड़े वादे किए गए हैं। किसानों की कर्जमाफी, पुरानी पेंशन बहाली और शिक्षा मित्रों को नियमित करने का भी ऐलान किया गया है।

घोषणापत्र जारी करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अच्छे दिन भले ही नहीं आए लेकिन अब बुरे दिन जाने वाले हैं। पार्टी ने अपने वादों में युवाओं, महिलाओं, किसानों, कर्मचारियों और पिछड़े वर्गों को प्राथमिकता दी है। अखिलेश ने कहा कि आशा, आंगनबाड़ी और आउटसोर्सिंग के जरिए काम करने वाले कर्मचारियों को बेहतर वेतन देने के साथ उनकी नौकरी स्थायी करने की दिशा में काम किया जाएगा।

सपा ने पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने और 2 से 3 करोड़ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तैयार करने का वादा किया है। बेरोजगार ग्रेजुएट युवाओं को हर महीने 5 हजार रुपए भत्ता दिया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया को 3 से 6 महीने के भीतर पूरा करने और पेपर लीक होने पर संबंधित अधिकारियों के साथ मंत्रियों की जवाबदेही तय करने की बात कही गई है। सेना में स्थायी कमीशन नहीं पाने वाले अग्निवीरों को उत्तर प्रदेश में नौकरी देने का भी वादा किया गया है। 

साथ ही शहरों में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए अर्बन एम्प्लॉयमेंट गारंटी एक्ट लाने की बात कही गई है। शिक्षा के क्षेत्र में 26 हजार बंद प्राथमिक स्कूल दोबारा शुरू करने और 12वीं पास विद्यार्थियों को मुफ्त लैपटॉप देने का ऐलान किया गया है। करीब 1.5 लाख शिक्षा मित्रों को नियमित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। उनके मानदेय में 5 हजार रुपए की बढ़ोतरी करने और शिक्षकों के बराबर वेतन देने की दिशा में काम करने का वादा भी किया गया है।

किसानों के लिए सपा ने तत्काल कर्जमाफी का वादा किया है। पार्टी 23 फसलों और दूध पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) की कानूनी गारंटी देने की दिशा में काम करेगी। गन्ना किसानों का भुगतान 24 घंटे के भीतर सुनिश्चित करने के लिए 15 हजार करोड़ रुपए का फंड बनाने की बात कही गई है। इसके अलावा किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली और ग्रामीण घरों को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों के लिए 1.5 लाख करोड़ रुपए खर्च करने की योजना भी घोषणापत्र में शामिल है।

महिलाओं और बुजुर्गों के लिए सालाना 40 हजार रुपए पेंशन देने का वादा किया गया है। इसमें बुजुर्ग महिलाओं के साथ मजदूरों, महिला श्रमिकों, कारीगरों, बुनकरों और निर्माण श्रमिकों को शामिल किया गया है। महिलाओं और गरीब परिवारों को सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराने के लिए समाजवादी कैंटीन शुरू की जाएगी, जहां 5 रुपए में खाना मिलेगा। पुलिस भर्ती में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का भी ऐलान किया गया है।

सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने और आउटसोर्सिंग व्यवस्था खत्म कर नियमित नौकरियां देने की बात कही गई है। जातिगत जनगणना कराने और 50 करोड़ रुपए तक के सरकारी ठेकों में दलितों और पीडीए वर्ग को 50 प्रतिशत आरक्षण देने का वादा भी किया गया है। महंगाई पर नियंत्रण के लिए दाम बांधो नीति लागू करने की बात कही गई है। इसके तहत स्कूलों की फीस और अस्पतालों में इलाज के खर्च पर सीमा तय करने का प्रस्ताव है। पुलिसकर्मियों को साप्ताहिक छुट्टी देने के साथ साइकिल की जगह बाइक और मोबाइल भत्ता देने का भी वादा किया गया है।

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए बीपीएल परिवारों को 10 लाख रुपए तक का हेल्थ इंश्योरेंस देने का ऐलान किया गया है। प्रदेश के सभी 18 मंडलों में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाने और लखनऊ कैंसर संस्थान में मुफ्त इलाज उपलब्ध कराने का वादा किया गया है। जमीनों पर अवैध कब्जे रोकने के लिए विशेष एसटीएफ गठित करने की बात भी घोषणापत्र में शामिल है। इसके अलावा अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू करने, पत्रकारों और यूट्यूबर्स के लिए कल्याण नीति बनाने तथा यश भारती सम्मान दोबारा शुरू करने का वादा किया गया है।

घोषणापत्र जारी करने के कार्यक्रम में सपा सरकार में मंत्री रहे आजम खान भी शामिल हुए थे। उन्होंने अपने जेल के दिनों का जिक्र करते हुए कहा कि एक समय उन्हें और उनके बेटे को आशंका थी कि उनका एनकाउंटर कर दिया जाएगा। दोनों को अलग अलग गाड़ियों में लाया गया था। आजम खान ने जेल में हुए व्यवहार को मौत से भी बदतर बताते हुए कहा कि उनके साथ अंग्रेजों से भी बुरा बर्ताव किया गया था। उन्होंने कहा कि वे वोट कटवाने वाले नहीं बल्कि वोट जुड़वाने वाले हैं और अब अखिलेश यादव के साथ हैं।