बस्तर में पुलिस नक्सली मुठभेड़, एक महिला नक्सली ढेर, बस्तर IG ने की पुष्टि

जगदलपुर, सुकमा और दंतेवाड़ा सीमा पर सुरक्षा बलों ने एक महिला नक्सली को मार गिराया, शव के नजदीक एक AK-47 रायफल, 2 पिस्टल, 12 बोर की बंदूक, एक भरमार बंदूक और नक्सलियों दैनिक उपयोग का सामान बरामद, जंगलों की आड़ लेकर भाग खड़े हुए नक्सली

Updated: Jun 18, 2021, 10:38 AM IST

Photo Courtesy: times now
Photo Courtesy: times now

रायपुर। जगदलपुर, सुकमा और दंतेवाड़ा सीमा पर सुरक्षा बलों ने एक महिला नक्सली को मार गिराया है। गुरुवार रात जगदलपुर DRG टीम और कांगेर घाटी एरिया कमेटी के नक्सलियों में मुठभेड़ हुई थी। जिसमें शुक्रवार सुबह DRG जवानों ने इस नक्सली को ढेर किया है। महिला नक्सली के शव के पास से एक AK-47 बंदूक समेत बड़ी संख्या में नक्सल उपयोग का सामान बरामद हुआ है।

जंगल की सर्चिंग के दौरान AK-47 रायफल के अलावा 2 पिस्टल, 12 बोर की बंदूक, एक भरमार बंदूक और नक्सलियों के रोजमर्रा के उपयोग का सामान बरामद किया गया है। नक्सलियों ने इलाके में कैंप बना रखा था। पुलिस के आने से वे दहशत में थे।

नक्सली की मौत की पुष्टि बस्तर IG सुंदरराज पी ने की है। उन्होंने बताया है कि यह पुलिस-नक्सली मुठभेड़ करीब दो घंटे तक चली। नक्सली जंगलों का सहारा लेकर भाग गए। इलाके की सर्चिंग जारी है।

आईजी ने बताया है कि सुरक्षा बलों को बस्तर और सुकमा जिले के सीमावर्ती इलाकों चांदामेटा, पटेलपारा, गदमेपारा, पयारभांट, अण्डालपारा, तुलसी डोंगरी के इलाकों में दरभा डिवीजन के कांगेरघाटी एरिया कमेटी के नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना मिली थी।

इन इलाकों में बड़ी संख्या में नक्सली इकट्ठा होने की खबर के बाद पुलिस हरकत में आई थी। और गुरुवार रात जगदलपुर, दंतेवाड़ा और सुकमा से DRG जवान सर्चिंग के लिए निकले थे। सीमावर्ती इलाके में बड़ी संख्या में जवानों के पहुंचने पर नक्सलियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। वहीं जवाबी कार्रवाई में जवानों ने भी फायर किए इस दौरान एक महिला नक्सली मारी गई है।