MP: अनूपपुर में वेयरहाउस से 24 EVM चोरी, 8 बैलेट यूनिट और 16 कंट्रोल यूनिट ले गए चोर
EVM चोरी का मामला ऐसे समय सामने आया है, जब प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव के तहत 29 सितंबर को 103 पदों पर मतदान हुआ है।
अनूपपुर। वोट चोरी को लेकर देशभर में चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच मध्य प्रदेश के अनूपपुर से EVM चोरी का मामला सामने आया है। यहां शासकीय वेयरहाउस से 24 ईवीएम (इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनें) गायब मिली हैं। इनमें 8 बैलेट यूनिट (BU) और 16 कंट्रोल यूनिट (CU) शामिल हैं। ये मशीनें 2014 से स्थानीय चुनाव के लिए सुरक्षित रखी गई थीं।
EVM चोरी का मामला ऐसे समय पर सामने आया है, जब मध्य प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव के तहत 29 सितंबर को 103 पदों पर मतदान हुआ है। इनमें 79 सरपंच, 15 जनपद पंचायत सदस्य, 5 जिला पंचायत सदस्य और 4 पंच पद शामिल हैं।
अनूपपुर जिले में पंचायत उपचुनाव के 13 पंच पदों के लिए 29 सितंबर को चुनाव हुए थे। इनमें 9 वार्डों में एक-एक प्रत्याशी होने के कारण उन्हें निर्विरोध विजयी घोषित कर दिया गया। वहीं पुष्पराजगढ़ के 3 और कोतमा के विचारपुर के 1 वार्ड में किसी भी व्यक्ति ने नामांकन नहीं भरा। ऐसे में पांच के 4 पद रिक्त रह गए।
रिपोर्ट्स के मुताबिक ठेकेदार आशीष त्रिपाठी ने 20 अगस्त को जर्जर तहसील भवन तोड़ने के दौरान खुले हिस्से में कुछ मशीनें पड़ी होने की सूचना SDM प्राशी अग्रवाल को दी थी। सूचना के करीब डेढ़ घंटे में SDM ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया था। इसके बावजूद खुले में रखी संवेदनशील EVM को सुरक्षित जगह पर रखने के इंतजाम नहीं किए गए। करीब एक महीने तक मशीनें ऐसे ही पड़ी रहीं। अब मशीनें गायब होने का पता चलते ही अधिकारियों में हड़कंप मच गया है।
अनूपपुर कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष श्याम कुमार चौहान ने मामले पर प्रशासन को घेरा है। उन्होंने कहा कि EVM चोरी की घटना से कांग्रेस का ‘वोट चोरी’ का आरोप गलत नहीं लगता। यह चोरी स्थानीय शासन-प्रशासन के इशारे पर कराए जाने की आशंका है। उन्होंने कहा कि इन EVM का पहले हुए चुनावों में इस्तेमाल हुआ हो, इससे इनकार नहीं किया जा सकता। कांग्रेस इस मामले में और जानकारी जुटा रही है। यह सिर्फ प्रशासनिक चूक नहीं, बल्कि जानबूझकर की गई घटना है।




