केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज रात आएंगे भोपाल, गोपालक सम्मेलन में होंगे शामिल
अमित शाह भेल दशहरा मैदान में 35 हजार से ज्यादा गोपालकों के सम्मेलन के साथ शाह डेयरी, सहकारिता, पुलिस और उच्च शिक्षा से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
भोपाल। लोकसभ में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बालाघाट दौरे के ठीक बाद अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मध्य प्रदेश दौरे पर रहेंगे। अमित शाह आज यानी शुकवार रात 9 बजे राजधानी भोपाल पहुंचेंगे। शाह करीब 23 घंटे राजधानी में रहेंगे। उनका दौरा मुख्य रूप से डेयरी, सहकारिता, पशुपालन, पुलिस और उच्च शिक्षा से जुड़े कार्यक्रमों पर केंद्रित रहेगा।
गृहमंत्री अमित शाह 2 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे भोपाल पहुंचेंगे और होटल ताज में रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन यानी शनिवार को सुबह साढ़े ग्यारह बजे गृहमंत्री भेल दशहरा मैदान पहुंचेंगे। यहां वे नए आपराधिक कानूनों पर राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। इसमें 35 हजार से अधिक गोपालक और दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्य शामिल होंगे।
इस सम्मेलन में भोपाल के अलावा सीहोर, बैतूल, राजगढ़, हरदा, गुना, अशोकनगर, शाजापुर, विदिशा, रायसेन और नर्मदापुरम सहित कई जिलों से प्रतिभागियों के आने की सूचना है। सम्मेलन में शाह को प्रदेश में चल रहे कृषक कल्याण वर्ष के तहत किए गए कामों और बलराम कृषि महोत्सव की जानकारी दी जाएगी। गृह, पशुपालन एवं डेयरी, सहकारिता, लोक निर्माण और परिवहन विभाग अपने-अपने कामों और योजनाओं का प्रस्तुतीकरण करेंगे।
शाह के दौरे के दौरान प्रदेश में दुग्ध उत्पादन और डेयरी प्रसंस्करण से जुड़ी परियोजनाओं की सौगात भी प्रस्तावित है। इनमें उज्जैन में 255 करोड़ रुपए का डेयरी प्लांट और भोपाल में फॉर्म्युलेटेड/फर्मेंटेड मिल्क प्रोडक्ट से जुड़ी सुविधा शामिल है। भोपाल दुग्ध संघ परिसर में तैयार फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट पर 16.80 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। इससे दही, छाछ, लस्सी, श्रीखंड और मावा जैसे मूल्यवर्धित उत्पादों की प्रसंस्करण क्षमता बढ़ाने की योजना है।
इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 17-18 सितंबर को मध्य प्रदेश के दौरे पर आए थे। उनके दौरे में इंदौर में स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीणों को आवासीय जमीन का मालिकाना हक देने की नई पंजीयन प्रक्रिया शुरू करना प्रमुख कार्यक्रम था। इसके बाद वे उज्जैन गए थे। इसके करीब दो सप्ताह बाद अब अमित शाह भोपाल में हैं। हालांकि दोनों दौरों के आधिकारिक कार्यक्रम अलग हैं। बहरहाल, शाह के दौरे को लेकर बीजेपी खेमे में एक बार फिर हलचल बढ़ गई है।




