सोशल मीडिया पर छा गया छत्तीसगढ़ का सहदेव, सिंगर बच्चे के फैन बने सीएम भूपेश बघेल
कक्षा 7वीं के स्टूडेंट से बचपन का प्यार गाना सुनकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल हुए खुश, बच्चे की तारीफ करते हुए बोले बचपन का प्यार....वाह!, सोशल मीडिया पर सहदेव के गाए गाने के 13 हजार से ज्यादा रील्स बन चुके हैं

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सुकमा निवासी 12 साल के सहदेव दिरदो बचपन का प्यार मेरा भूल नहीं जाना रे गाकर रातों रात स्टार बन गए हैं। कक्षा 7वीं के छात्र सहदेव इन दिनों सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहे हैं। उनकी इतनी फैन फॉलोइंग हो गई है कि क्या नेता क्या अभिनेता सभी इस छोटा पैकेट बड़ा धमाका करने वाले टैलेंटेड सिंगर से मिलने की चाहत रखने लगे हैं। हाल ही में प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल ने सहदेव से मुलाकात कर उनका गाना सुना। उनके गाने का आनंद लेते हुए बचपन की यादों में खो गए। इतना ही नहीं मुख्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया पर भी शेयर किया है। सीएम भूपेश बघेल के साथ इस दौरान उनके मंत्रिमंडल के सदस्यों ने भी शिरकत की। ट्वीटर पर शेयर किए गए वीडियो में बच्चा गाना गाते हुए दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री के चेहरे की खुशी देखने लायक थी। मुख्यमंत्री ने वीडियो को कैप्शन दिया, "बचपन का प्यार...वाह।"
बचपन का प्यार....वाह! pic.twitter.com/tWUuWFP71f
— Bhupesh Baghel (@bhupeshbaghel) July 27, 2021
दरअसल नक्सल प्रभावित सुकमा जिले के सहदेव ने दो साल पहले अपने स्कूल के सांस्क्रतिक कार्यक्रम की तैयारी के दौरान बचपन का प्यार मेरा भूल नहीं जाना रे… गाना यूं ही मस्ती में गा दिया था। पहले तो उसे ज्यादा तवज्जो नहीं मिली, लेकिन करीब दो साल बाद अब यह गाना सोशल मीडिया पर जमकर धूम मचा रहा है। लोग इस गाने और सहदेव की मासूमियत की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं। सोशल मीडिया की पहुंच का ही नतीजा है कि सहदेव को बॉलीवुड रैपर बादशाह ने बुलाया और उसके साथ गाने की ख्वाहिश जताई है।
सोशल मीडिया के जरिए कब किसके हुनर को मंच और मौका मिल जाए, कोई नहीं जानता। किसी ने नहीं सोचा होगा की करीब दो साल पहले गाया गया गाना छत्तीसगढ़ के सहदेव के लिए बॉलीवुड के रास्ते खोल देगा। माना जा रहा है कि अब जल्द ही बादशाह सहदेव के साथ गाना रिकॉर्ड कर सकते हैं। बादशाह ने सहदेव के गाए गाने पर एक पोस्ट भी शेयर किया था। इस फोटो में आस्था गिल भी नजर आई थीं। सहदेव के बचपन का प्यार गाने को इतना पसंद किया गया कि सोशल मीडिया के कई प्लेटफार्म पर यह छाया हुआ है। केवल इंस्टाग्राम में 13 हजार से ज्यादा रील बन चुकी हैं। इस लिस्ट में कई बड़े कलाकार भी शामिल हैं।