आपदाग्रस्त हिमाचल की मदद के लिए आगे आई छत्तीसगढ़ सरकार, CM बघेल ने की राहत राशि की घोषणा

हिमाचल में लगातार हो रही बारिश ने प्रदेश में भारी तबाई मचाई है। आपदाग्रस्त हिमाचल के लिए CM बघेल ने आर्थिक सहायता की घोषणा कर कहा कि इस त्रासदी में देशवासी हिमाचल प्रदेश के लोगों के साथ खड़े हैं।

Updated: Aug 18, 2023, 06:01 PM IST

भोपाल। देवभूमि हिमाचल प्रदेश इस भारी तबाही का सामना कर रहा है। बाढ़, बारिश और भूस्खलन की वजह से कई लोगों की मौत और कई घर तबाह हो चुके हैं। यहां सबकुछ उथल-पुथल हो गया है। इस तबाही ने कई लोगों को बेघर कर दिया है। संकट की इस घड़ी में आपदाग्रस्त हिमाचल की मदद के लिए छत्तीसगढ़ सरकार आगे आई है। छत्तीसगढ़ सीएम भूपेश बघेल ने हिमाचल सरकार को 11 करोड़ रुपए मदद के रूप में देने का ऐलान किया है।

गुरुवार सीएम भूपेश बघेल ने हिमाचल प्रदेश के सीएम से फोन पर बातचीत की। इसके अगले दिन शुक्रवार को मुख्यमंत्री बघेल ने 11 करोड़ रुपए की सहायता देने की घोषणा की। इसको लेकर उन्होंने ट्वीटर पर लिखा है कि, 'देवभूमि हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन से आई विपदा की स्थिति में पीड़ित लोगों की मदद के लिए हम सब छत्तीसगढ़वासियों की ओर से 11 करोड़ रुपये की सहायता राशि की घोषणा करता हूं। हम सभी छत्तीसगढ़वासी हिमाचल के लोगों के साथ खड़े हैं और सामूहिक एकजुटता के साथ आपदा का सामना करेंगे और सामान्य स्थिति की बहाली के लिए कार्य करेंगे। हम सब ईश्वर से सबकी रक्षा की प्रार्थना करते हैं।'

बता दें कि हिमाचल प्रदेश में पिछले डेढ़ महीने से लगातार बारिश हो रही है। इसके चलते पहाड़ी राज्य में जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। लोगों के घर मलबे में तब्दील हो गए, जगह-जगह लैंडस्लाइड हो रहा है। भूस्खलन के कारण हजारों लोग बेघर हो गए हैं। बारिश और लैंड स्लाइड के कारण बीते एक हफ्ते में 84 मौतें हो चुकी है, वहीं, जून महीने से लेकर अब तक जोड़ा जाये तो 55 दिनों में हिमाचल प्रदेश के 330 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। बताया जा रहा है कि 24 जून से अब तक हिमाचल प्रदेश सरकार को 8 हजार करोड़ रुपए का नुकसान हो चुका है। संकट की इस घड़ी में हिमाचल प्रदेश को राहत राशि देने का ऐलान कर छत्तीसगढ़ सरकार ने सकारात्मक पहल की है।