TS Singh Deo की पहल पर घर पहुंची बुजुर्ग आदिवासी महिला

तीन माह से लापता बुजुर्ग महिला को छत्तीसगढ़ लाने में पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव के योगदान की हो रही प्रशंसा

Publish: Jun 11, 2020, 02:00 AM IST

छत्तीसगढ़ के पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव की पहल पर महाराष्ट्र में फंसी छत्तीसगढ़ी बुजुर्ग महिला अपने घर पहुंच पाई। खुद टीएस सिंहदेव ने उस महिला से छत्तीसगढ़ी बोली में बात की और उसका हालचाल जाना। दरअसल बुजुर्ग महिला सूरजपुर की रहने वाली है और तीन महीने से लापता थी। परिवार की माली हालत खराब होने की वजह से परिवार सोमारी को खोज नहीं पा रहा था। बुजुर्ग महिला को छत्तीसगढ़ लाने और उसके परिवार के बारे में पता लगाने में पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव, सूरजपुर एसडीएम पुष्पेंद्र शर्मा और कांग्रेस जिलाध्यक्ष का अहम योगदान रहा।

तीन महीने से लापता थी सोमारी, पंचायत मंत्री ने की घर वापसी में मदद

इस बुजुर्ग महिला का नाम सोमारी है जो लॉकडाउन से पहले से लापता थी। और किसी तरह महाराष्ट्र के भंडारा पहुंची और गरीबी की मार झेलते मंदिर में रह रही थी। तभी अखिलेश की नजर बुजुर्ग महिला पर पड़ी। जब उसके बारे में पता लगाने की कोशिश की गई तो महिला ने कुछ नहीं बताया। उसके पास कोई पहचान पत्र नहीं था और वह कुछ बता भी नहीं पा रही थी। वह सरगुजिहा बोली में बात कर रही थी और बिश्रामपुर, सूरजपुर और कंठी का नाम ले रही थी। फिर उस शख्स ने इसी आधार पर फेसबुक के जरिए सूरजपुर एसडीएम का नंबर पता किया। और महिला का फोटो भेजकर इसके बारे में पता लगाने को कहा।

सूरजपुर एसडीएम ने भी सोशल मीडिया की मदद ली। और मामला पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव तक पहुंचा। मामले की जानकारी लगते ही तो सोमारी के परिवार की खोज शुरु की गई। इसी बीच महिला के परिजन का पता चल गया। महिला का उदयपुर ब्लाक में मायका हैं, जबकि सूरजपुर जिले में ससुराल है। सारी जानकारी जुटाने के बाद पंचायच मंत्री टीएस सिंहदेव ने गाड़ी उपलब्ध कराई जिसके बाद केशवनगर के दो युवक महिला को महाराष्ट्र से लेकर आए। फिलहाल महिला को क्वारेंटाइन सेंटर में रखा गया है।

परिवार ने जताया आभार

महिला के परिवार में उसका पति औऱ दो बेटियां हैं। परिवार की आर्थिक हालत खराब है। सोमारी का पता लगाने पर परिजनों ने पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव, एसडीएम पुष्पेंद्र शर्मा और कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता का इस सहयोग के लिए आभार जताया है। सोशल मीडिया पर भी पंचायत मंत्री के इस नेक काम की तारीफ हो रही है।