MP: मुरैना में जमीन विवाद को लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग, छुट्टी पर आए कॉन्सटेबल ने लाइसेंसी गन से चलाई गोली
मुरैना के मड़ोखर गांव में गुरुवार को पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में फायरिंग हुई। छुट्टी पर आए इंदौर के पुलिस आरक्षक ने लाइसेंसी बंदूक से गोलियां चलाई। जवाब में दूसरे पक्ष ने भी फायर किए।
मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के पोरसा थाना क्षेत्र में गुरुवार को दो पक्षों के बीच पुराने विवाद को लेकर गोलीबारी हुई। ग्राम पंचायत कॉन्थर कलां के मजरा मड़ोखर में हुए इस विवाद में इंदौर में पदस्थ एक पुलिस आरक्षक समेत दोनों पक्षों ने लाइसेंसी बंदूकों से फायरिंग कर दी। हालांकि, घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार दोपहर गांव में पुराने विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हो गई थी। यह देखते ही देखते गंभीर झगड़े में बदल गई। इस दौरान होली की छुट्टी पर गांव आए इंदौर जिले में तैनात पुलिस आरक्षक मलखान सिंह ने अपने चाचा धनवीर सिंह तोमर के साथ मिलकर बंटू तोमर और अंकित तोमर से विवाद कर लिया।
यह भी पढ़ें:MP: कटनी में टला बड़ा रेल हादसा, कोयले से भरी मालगाड़ी के पांच डिब्बे बेपटरी
बताया जा रहा है कि बहस बढ़ने के बाद दोनों पक्षों ने बंदूक निकाल ली और एक दूसरे पर फायरिंग शुरू कर दी थी। आरक्षक मलखान सिंह और धनवीर सिंह की ओर से बंदूक से गोलियां चलाई गई। जिसके जवाब में बंटू और अंकित तोमर ने भी फायरिंग की। गांव में अचानक हुई इस गोलीबारी से अफरा-तफरी मच गई। बाद में ग्रामीणों ने बीच बचाव कर स्थिति को शांत कराया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कॉन्थर कलां के मजरा मड़ोखर में रहने वाले एक ही परिवार के बंटू तोमर, अंकित तोमर और मोनू तोमर का मलखान सिंह और उसके चाचा धनवीर सिंह के साथ लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। पहले जमीन से जुड़े मामले में दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हो चुका था लेकिन पुरानी रंजिश के कारण फिर से विवाद भड़क गया था।
यह भी पढ़ें:उड़ान के कुछ मिनट बाद धुएं से भरा डिप्टी सीएम केशव मौर्य का हेलीकॉप्टर, लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसके आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोरसा थाना प्रभारी दिनेश कुशवाह ने बताया कि गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ लोगों को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि एक पक्ष की शिकायत पर बंटू और अंकित के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जबकि, दूसरे पक्ष की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:CG: सूरजपुर में 10वीं की परीक्षा में नकल करते पकड़े गए 3 छात्र, केंद्राध्यक्ष भी हुए निलंबित




