मिडिल ईस्ट युद्ध के बीच लगा महंगाई का झटका, घरेलू सिलेंडर के दाम 60 रुपए बढ़े

केंद्र सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर 60 रुपए महंगा कर दिया है। वहीं 19 किग्रा वाले कॉमर्शियल सिलेंडर में 115 रुपए का इजाफा किया गया है।

Updated: Mar 07, 2026, 12:34 PM IST

नई दिल्ली। ईरान-इजरायल युद्ध के बीच ईंधन का संकट गहराने लगा है। केंद्र सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर 60 रुपए महंगा कर दिया है। दिल्ली में 14.2 किलोग्राम की LPG गैस अब 913 रुपए की मिलेगी। पहले यह 853 रुपए की थी। वहीं 19 किग्रा वाले कॉमर्शियल सिलेंडर में 115 रुपए का इजाफा किया गया है। यह अब 1883 रुपए का मिलेगा। बढ़ी हुई कीमतें 7 मार्च से लागू हो जाएंगी।

केंद्र सरकार ने गैस के दामों में बढ़ोत्तरी ऐसे वक्त की है जब अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग के चलते देश में गैस किल्लत की संभावना जताई गई है। इस स्थिति को देखते हुए सरकार ने इमरजेंसी पावर इस्तेमाल करते हुए देश की सभी ऑयल रिफाइनरी कंपनियों को एलपीजी उत्पादन बढ़ाने का आदेश दिया है।

भारत में पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने का संकट फिलहाल खत्म हो गया है, क्योंकि भारत को रूस से कच्चा तेल खरीदने की शर्तों के साथ छूट मिल गई है। अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने भारतीय रिफाइनरियों को 30 दिन का स्पेशल लाइसेंस दिया है। ये लाइसेंस 3 अप्रैल तक वैलिड रहेगा।

अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने 6 मार्च को बताया कि राष्ट्रपति ट्रम्प के ऊर्जा एजेंडे के तहत यह अस्थायी कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि भारत अमेरिका का एक महत्वपूर्ण पार्टनर हैं और ग्लोबल मार्केट में तेल की सप्लाई को स्थिर रखने के लिए यह छूट दी गई है।

क्रूड ऑयल की बात करें तो शुक्रवार को कच्‍चे तेल के बाजार भाव में अचानक बढ़ोतरी देखी गई थी, जिसने ग्‍लोबल ट्रेडर्स को चौंका दिया। तेल के वायदा भाव में तेज उछाल देखने को मिला। 8-9 घंटे के दरमयान WTI क्रूड ऑयल की कीमतें करीब 12 डॉलर प्रति बैरल तक बढ़ गईं और कुछ समय के लिए तो भाव 92 डॉलर के पार पहुंच गया। इस तेज उछाल ने ग्‍लोबल कमोडिटी मार्केट में हलचल मचा दी। भारतीय समयानुसार, शनिवार सुबह 6:30 बजे क्रूड ऑयल की कीमतें 9.89 डॉलर या 12.21% के उछाल के साथ 90.90 डॉलर/बैरल पर थीं, जबकि ब्रेंट का भाव 7.63 डॉलर या 8.93% के उछाल के साथ 93.04 डॉलर/बैरल पर बना हुआ था।