छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के पार्षद की हत्या, तालाब किनारे पड़ा मिला शव

दुर्ग जिले के चरोदा नगर निगम में पार्षद सूरज पंछोर की बीती रात हत्या कर दी गई, हमलावरों ने धारदार हथियारों से उनके ऊपर हमला किया था, पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है

Publish: Nov 16, 2021, 07:53 AM IST

Photo Courtesy: Haribhoomi
Photo Courtesy: Haribhoomi

रायपुर। छत्तीसगढ़ में दुर्ग जिले के कांग्रेस पार्षद की बीती रात हत्या कर दी गई। चरोदा नगर निगम में पार्षद सूरज पंछोर का शव बीती रात तालाब किनारे पड़ा हुआ मिला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने कांग्रेस पार्षद को मृत घोषित कर दिया। पुलिस कांग्रेस नेता के हत्यारों की तलाश में जुटी हुई है। 

मृतक सूरज पंछोर चरोदा नगर निगम की वार्ड संख्या दो से पार्षद थे। सोमवार रात करीब नौ बजे वे अपने घर से निकले थे। इसके कुछ घंटों बाद सरकारी स्कूल के पीछे बांधा तालाब के पास उनका शव खून से लथपथ पड़ा हुआ मिला।  

किसी राहगीर ने तालाब के पास सूरज पंछोर का शव पड़े होने की सूचना उनके परिजनों को दी। परिजन अनान फानन में सूरज को बीएम शाह अस्पताल ले गए। लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रात करीब साढ़े बारह बजे के आसपास पुलिस को सूरज की हत्या की सूचना मिली। 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सूरज पर धारदार हथियारों से हमला किया गया था। सूरज के चेहरे, पीठ और कंधे पर चोट के गहरे निशान थे। पुलिस के मुताबिक हमलवारों ने सूरज पर किसी नकुली और ठोस वस्तु से हमला किया था। हालांकि पुलिस अब तक हमलावरों तक पहुंच नहीं पाई है। लेकिन पुलिस का कहना है कि सूरज पर कम से कम तीन हमलावरों ने हमला किया था।

दूसरी तरफ इस मामले में हत्या से पहले पार्टी करने की बात भी सामने आ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सूरज की हत्या से पहले कुछ लोग उनके साथ मौजूद थे। ग्रामीणों के हवाले से एक हिंदी अखबार ने बताया है कि उन लोगों को पहली बार सूरज के साथ देखा गया था।