कवर्धा में बंधक बनाकर बहू से गैंगरेप, पति, देवर, नाना और फूफा ससुर समेत 9 गिरफ्तार

दहेज के लिए ससुराल वाले करते थे प्रताड़ित, देवर, नाना और फूफा ससुर ने पौने दो महीने तक बनाया बंधक, बारी-बारी से की हैवानियत, पुलिस ने 9 आरोपियों को किया गिरफ्तार

Updated: Dec 25, 2021, 01:08 PM IST

Photo Courtesy: bhaskar
Photo Courtesy: bhaskar

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस गैंगरेप का आरोप महिला के ससुराल वालों पर लगा है। पुलिस शिकायत में महिला ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और गैंगरेप का गंभीर आरोप लगाया है। कवर्धा के कुंडा इलाके में एक परिवार ने अपनी ही बहू को महीनों तक बंधक बनाकर रखा। महिला से मारपीट गाली गलौज औऱ गैंगरेप करते थे।

ससुराल वाले महिला पर मायके से दहेज लाने का दबाव बनाते थे, जब वह ऐसा करने से इनकार करती तो उसके साथ दरिंदगी की जाती थी। ससुराल वालों की गिरफ्त से भागी महिला ने कुंडा पुलिस थाने में अपनी शिकायत दर्ज करवाई है। पीड़िता के पति, देवर, ससुर, नाना ससुर और फूफा ससुर सहित 9 लोगों की नाम जद शिकायत की है। जिसके बाद पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया है।

महिला की शादी जनवरी 2020 को कुंआमालगी के अवधेश साहू से हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद से ही उसके ससुराल उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे थे। महिला का आरोप है कि घर में अकेली पाकर शादी के महीने भर बाद ही देवर ने उसका रेप किया। महिला से मारपीट भी की। आरोपी ने धमकी दी की किसी के सामने मुंह खोला तो जान से मार देगा। विवाहिता की शिकायत पर पुलिस ने ससुराल वालों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और हिंसा, गैंगरेप समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। जांच के बाद पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।