कीमती धातुओं के अवैध कारोबार का खुलासा, बंद फैक्ट्री से पौने 4 क्विटंल चांदी और 2 क्विंटल तांबा जब्त

रायपुर पुलिस ने 3 करोड़ से ज्यादा का माल पकड़ा, एक आरोपी गिरफ्तार, बंद फैक्ट्री में छिपा कर रखे चांदी, तांबे का नहीं दे पाए कोई रिकॉर्ड

Updated: Sep 23, 2021, 01:45 PM IST

Photo Courtesy: Bhaskar
Photo Courtesy: Bhaskar

रायपुर। राजधानी में पुलिस ने स्मगलर्स पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपियों के पास से करोड़ों रुपये की चांदी और तांबे का जखीरा बरामद किया गया है। पुलिस ने सोनडोंगरी इलाका स्थित ज्योतिका रिफायनरी फैक्ट्री में छापा मारा। वहां आरोपियों के पास से 383 किलो चांदी और 2 क्विंटल तांबे का चूरा जब्त किया है। आरोपी इस तांबे और चांदी  को गलाने की तैयारी में थे। आरोपी अपने मनसूबे पूरा कर पाते उससे पहले ही पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर वहां छापा मार दिया। यहां से बरामद चांदी और तांबे की कीमत 3 करोड़ रुपए आंकी गई है। 

पुलिस ने चांदी और तांबे की स्मगलिंग के आरोप में 24 वर्षीय व्यापारी अभिषेक जैन को गिरफ्तार किया है। इसके पास से मिली 383 किलो चांदी और दो क्विंटल  तांबा से जुड़ा कोई दस्तावेज पेश नहीं कर पाया। जिसके बाद पुलिस अब उससे पूछताछ में जुटी है, पुलिस को आशंका है कि इतनी बड़ी मात्रा में कीमती धातुएं चोरी करके गलत तरीके से लाई गई हैं और उन्हें गलाकर बेचने की तैयारी थी।

रायपुर के कबीर नगर थाना पुलिस को खबर मिली थी कि सोनडोंगरी स्थित ज्योतिका रिफायनरी फैक्ट्री में चोरी छिपे चांदी और तांबा गलाया जा रहा है। यहां फैक्ट्री के मेन गेट पर ताला लगाया गया था जबकि माल लाने-ले जाने का काम चोर दरवाजे से किया जाता था। पुलिस ने उस चोर दरवाजे को खोजा और वहां से आरोपियों समेत तीन करोड़ का माल बरामद किया।

पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र, ओडिशा और झारखंड से यह कीमती धातुएं लाई गई हैं। फिलहाल पुलिस अभिषेक जैन से पूछताछ में जुटी है। इस रैकेट में कई अन्य व्यापारियों की मिलीभगत की आशंका भी जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने फैक्ट्री सील कर सामान जब्त कर लिया है।