सिवनी जिले में गिरे ओले, कई गांवों में फसलों को भारी नुकसान

ओलावृष्टि के कारण सबसे ज़्यादा नुकसान गेहूं की फसल को पहुंचा, राजस्व अमला ज़िले में हुए नुकसान का अनुमान करने में जुटा

Updated: Feb 16, 2021, 12:42 PM IST

Photo Courtesy : Naidunia
Photo Courtesy : Naidunia

सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में ओले गिरने से किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। जिले के करीब 50 गांवों में ओलावृष्टि हुई है। ओलों की वजह से सबसे ज़्यादा नुकसान गेहूं की फसल को पहुंचा है। ओलों की यह बारिश किसानों के लिए बड़ी मुसीबत बनकर आई है। 

सिवनी ज़िले में आधी रात के बाद करीब तीन बजे तेज़ बारिश शुरू हुई। बारिश के साथ साथ करीब दस मिनट तक जमकर ओले भी गिरे। इस तेज़ बारिश और ओलावृष्टि के कारण किसानों को भारी नुकसान हुआ है। खेतों में खड़ी उनकी फसलों को ओलों ने बर्बाद कर दिया है। बारिश और ओलावृष्टि के कारण खेत में लहलहाती गेहूं की फसल बिछ गईं। सुबह किसान जब अपनी खेतों की तरफ जा रहे थे, तो सड़कों से लेकर खेतों तक ओलों की मार से हुई बर्बादी देखकर उनकी चिंताएं बढ़ गई हैं।

अब तक मिली जानकारी के अनुसार सिवनी के छपारा ब्लॉक के भीमगढ़ में ओलावृष्टि से सबसे ज़्यादा नुकसान हुआ है। इसके अलावा चमारी, खापा और केवलारी में भी ओलावृष्टि के कारण फसल को काफी नुकसान हुआ है। फिलहाल राजस्व अमला ओलावृष्टि के कारण हुए नुकसान का सर्वे कर रहा है।